{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Shraddha Dubey Arrest News: कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में मॉडल श्रद्धा दुबे लखनऊ कोर्ट से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा

10 दिनों तक 2,200 किमी का सफर तय कर पुलिस को दे रहे थे चकमा; नेपाल भागने की फिराक में थे सभी आरोपी

 

क्राइम डेस्क (भदैनी मिरर): चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को नागपुर से लखनऊ लाया गया है। हजरतगंज कोतवाली में तीनों से करीब साढ़े छह घंटे तक लंबी पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराकर सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर श्रद्धा दुबे समेत तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरफ्तारी के समय पुलिस वैन में बैठते वक्त श्रद्धा दुबे हाथ जोड़ती नजर आई। कोतवाली में पूछताछ के दौरान सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

50-50 हजार रुपये के थे इनामी, नागपुर अपार्टमेंट से हुई गिरफ्तारी

उत्तर प्रदेश पुलिस, यूपी एसटीएफ (UP STF) और नागपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को तीनों आरोपियों को नागपुर के एक अपार्टमेंट में दबिश देकर गिरफ्तार किया था। इन सभी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और इनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे, जिससे पुलिस को उन्हें दबोचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

10 दिनों तक 2,200 किमी का सफर कर पुलिस को दिया चकमा

पुलिस जांच में सामने आया है कि श्रद्धा दुबे अपनी बहन और ड्राइवर के साथ करीब 2,200 किलोमीटर का लंबा सफर तय कर देश के अलग-अलग हिस्सों में होटलों और लॉज में छिपकर रह रही थी। पुलिस टीमें जब भी किसी ठिकाने पर पहुंचती थीं, उससे कुछ घंटे पहले ही आरोपी वहां से फरार हो जाते थे।

नेपाल भागने की थी फिराक में, बुटवल में भी रुके थे आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि शिवा शर्मा की मौत के बाद आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे। उनकी गाड़ी की मूवमेंट सीतापुर-लखीमपुर मार्ग से होते हुए बहराइच के रुपईडीहा बॉर्डर तक ट्रैक की गई थी। पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा नेपाल के बुटवल स्थित एक होटल में भी रुकी थी। हजरतगंज थाने में श्रद्धा, रश्मि, दानिश, आदिल और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज है और पुलिस इस मामले के अन्य पहलुओं की गहराई से छानबीन कर रही है।