{"vars":{"id": "125128:4947"}}

सोनभद्र में दर्दनाक वारदात: चारपाई पर मिला 63 वर्षीय वृद्ध का शव

जमीन बेचने को लेकर परिवार में चल रहा था विवाद; बभनी थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

 

सोनभद्र (भदैनी मिरर ब्यूरो): उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सांगोबांध गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मंगलवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर चारपाई पर एक 63 वर्षीय वृद्ध का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के बड़े बेटे ने अपने ही छोटे भाई पर जमीन के विवाद को लेकर पिता की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया।

जमीन के बयाने को लेकर चल रहा था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सांगोबांध निवासी विश्वनाथ प्रजापति (63) पुत्र इनरमन सोमवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने गए थे। मंगलवार की सुबह जब वे काफी देर तक बिस्तर से नहीं उठे, तो परिजन उन्हें जगाने पहुंचे। कमरे में उन्हें मृत अवस्था में देखकर परिजनों के होश उड़ गए और घर में कोहराम मच गया।

ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, करीब पांच दिन पहले मृतक के छोटे बेटे सोनू कुमार ने गांव में ही अपनी जमीन बेची थी और बयाने के रूप में कुछ पैसे भी ले लिए थे। चूँकि जमीन वृद्ध विश्वनाथ प्रजापति के नाम पर थी, इसलिए छोटा बेटा पिता पर बैनामा करने का दबाव बना रहा था, जिसका पिता विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर पिछले कुछ दिनों से परिवार में लगातार कलह और विवाद चल रहा था।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान गोपाल प्रसाद सहित सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर बभनी थाने के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।

दुद्धी के क्षेत्राधिकारी (CO) विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।