{"vars":{"id": "125128:4947"}}

निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर बेकाबू कार ने सात लोगों को रौंद दिया, चार युवतियों की मौत

तीन की हालत गंभीर, अस्पताल में कराया गया भर्ती

 

भंडारे में प्रसाद छकने के बाद एक्सप्रेसवे के रास्ते पैदल घर लौट रहे थे सभी

रायबरेली। रायबरेली में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर बेकाबू कार ने सात युवतियों-किशोरियों को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में चार युवतियों की मौत हो गई और तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी भंडारे में प्रसाद छकने के बाद एक्सप्रेसवे के रास्ते पैदल घर लौट रहे थे। तभी हादसा हो गया। यह दुर्घटना रविवार शाम 7.00 बजे हुई। दुर्घटना के दौरान कार क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है। यह भीषण दुर्घटना जगतपुर थाना क्षेत्र के चूली गांव के पास हुआ। 

जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ही कोडर निवासी शालिनी (20), बहन साधना (15) और भदोखर थाना क्षेत्र के अलीगंज की हिमांशी (22) और गांव की रश्मि (15), आसमां (18) समेत सात युवतियां-किशोरियां चूली गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने के लिए गई थीं। भंडारे में प्रसाद खाने के बाद सभी निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर चलकर पैदल ही घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक सभी युवतियों को रौंद दिया। इस हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हो गये। लोगों की मदद से पुलिस ने उन्हें सीएचसी जगतपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शालिनी और हिमांशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर आसमां और रश्मि की मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही चार घरों में कोहराम मच गया। सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि कार को कब्जे में लिया गया है। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अनुसार गंगा एक्सप्रेसवे पर पैदल चलना और बाइक चलाना प्रतिबंधित है। यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है, जो उच्च गति (100 किमी प्रति घंटे तक) के लिए डिजाइन किया गया है। एक्सप्रेसवे पर केवल चार पहिया और उससे बड़े वाहन ही चल सकते हैं। तीन पहिया वाहन ऑटो व ईरिक्शा भी मना हैं। कार के लिए अधिकतम गति 120 किमी प्रति घंटा और बड़ी व मिनी बस 100 किमी प्रति घंटा निर्धारित है। इसके साथ ही न्यूनतम गति आमतौर पर 60 किमी प्रति घंटा स्लो लेन में है। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे पर कहीं भी रुकना या पार्किंग मना है।