भदोही में सनसनीखेज वारदात : ग्राम प्रधान के घर हैंडपम्प का पाइप लेने गये वृद्ध मजदूर पर पेट्रोल उड़ेल कर जिंदा जलाया! बेटे पर गंभीर आरोप
ज्ञानपुर क्षेत्र के पीपरगांव में घटना से मचा हड़कम्प
इलाज के दौरान मजदूर की मौत, मौत से पहले जैसलाल ने प्रधान के बेटे पर लगाया जलाने का आरोप
पुलिस ने ग्राम प्रधान पति और बेटे को किया गिरफ्तार, पीड़ित परिवार ने लगाई न्याय की गुहार
भदोही, भदैनी मिरर। ज्ञानपुर क्षेत्र के पीपरगांव में सोमवार की सुबह 55 वर्षीय मजदूर जैसलाल सरोज संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने से मौत हो गई। जैसलाल ग्राम प्रधान पति रामनारायण यादव के घर हैंडपंप का पाइप लेने गए थे। इसी दौरान प्रधान पति से विवाद हो गया। आरोप है कि प्रधान के बेटे कमलेश यादव ने जैसलाल पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दिया। जैसलाल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू ट्रमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान मंगलवार को जैसलाल ने दम तोड़ दिया। उधर, इस मामले में पुलिस ने प्रधान और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। बताते हैं कि झुलसे जैसलाल और उनके परिवारवालों ने प्रधान के बेटे पर ही आग लगाकर जिंदा जलाकर मारने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार जैसलाल सरोज अपने दो बेटों संतोष और अंशु के साथ मजदूरी करते हैं। जैसलाल पिछले कई दिनों से प्रधान से घर के सामने लगे सरकारी हैंडपंप का पाइप बदलवाने के लिए कह रहे थे। सोमवार की सुबह प्रधान ने उन्हें घर बुलाया। जैसलाल पहुंचे तो प्रधान पति और उनके बेटे ने उनसे विवाद कर लिया। इस दौरान कमलेश यादव गुस्से से निकला और जैसलाल पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
जैसलाल की चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग पहुंचे। किसी तरह कंबल ओढ़ाकर आग बुझाई। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में परिजन जैसलाल को जिला अस्पताल और फिर ट्रामा सेंटर ले गये। इस घटना के बाद से गांव में तनाव है। मामले की गंभीरता को देखते पुलिस ने जांच शुरू कर दी। गवाहों के बयान लिये जा रहे हैं। स्थानीय लोग इस घटना से खासे नाराज है और उन्होंने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जैसलाल के परिवार का कहना है कि उनके साथ अन्याय हुआ है और उन्हें न्याय मिलना चाहिए।