सनसनीः रात में खाना खाकर सोये बुजुर्ग दम्पती, सुबह अलग-अलग चारपाई पर मिले शव
फतेहपुर के फुलवामऊ गांव में किसान रामबरन दिवाकर और उनकी पत्नी रूपरानी की मौत का मामला
दोनों थे बीमार, जहर खाने से हुई मौत या मारा गया?
फतेहपुर। फतेहपुर के फुलवामऊ गांव में किसान रामबरन दिवाकर (70) और उनकी 65 वर्षीय पत्नी रूपरानी (65) घर के आंगन में शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों रविवार की रात खाना खाकर सोए और सुबह अलग-अलग चारपाई पर उनके शव मिले। उनकी जहर खाने से मौत की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जांच कर रही है कि उन्हें जहर दिया गया या उन्होंने खुद जहर खाकर मौत को गले लगा लिया। वैसे परिवारवालों से पूछताछ में पता चला कि दोनों लम्बे समय से बीमार थे और बीमारी से तंग आकर खुदकुशी की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार फुलवामऊ गांव में किसान रामबरन दिवाकर व पत्नी रूपरानी अपनी बहू, बेटी और पोतियों के साथ रहते थे। बहू रेखा देवी अपनी बेटियों के साथ कमरे में थी। बेटी ऊषा देवी ने बताया कि रविवार रात मां व पिता खाना खाकर आंगन में सो गए थे। सुबह दोनों अलग-अलग चारपाई पर मृत मिले।
उसने बताया कि पिता छह वर्षों से हार्ट की और मां तीन साल से गुर्दे की बीमारी से परेशान थी। दोनों का इलाज चल रहा था। आशंका जताई कि बीमारी ठीक न होने पर मां व पिता ने जान दे दी। अब पुलिस मौत का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। हालांकि पुलिस इस विंदु पर जांच कर रही है कि उन्होंने जहर खुद खाया या किसी ने खाने में मिलाकर दे दिया था।