कानपुर के खेल मैदान में मधुमक्खियों का हमला, वरिष्ठ अम्पाकर की मौत, कई घायल
KDMA लीग के मुकाबले में अंपायरिंग कर रहे थे मानिक गुप्ता
हमले के बाद मैदान में मची भगदड़, खिलाड़ी जमीन पर लेट गये
कानपुर। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) पैनल के वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता की बुधवार को मैच के दौरान मधुमक्खियों के हमले से मौत हो गई। 65 वर्षीय मानिक गुप्ता केडीएमए लीग के मुकाबले में अंपायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान शुक्लागंज के सप्रू मैदान में मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में अंपायर सुनील निषाद, जगदीश शर्मा और कई युवा खिलाड़ी भी घायल हुए है। उनका इलाज कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार केडीएमए (KDMA) लीग के एक मुकाबले के दौरान हुई जो वाईएमसीसी (YMCC) और पैरामाउंट के बीच मैच खेला जा रहा था। इसी दौरान मधुमक्खियों के विशाल झुंड ने मैदान पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंपायर मानिक गुप्ता सफेद कपड़ों में थे। मधुमक्खियों ने उन्हें 10 मिनट तक घेरे रखा और लगातार डंक मारते रहे। मधुमक्खियों के डंक से कुछ अम्पायर और खिलाड़ी घायल हो गये। इस दौरान आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह मधुमक्खियों को भगाया गया और आनन-फानन में वरिष्ठ अम्पायर समेत अन्य घायलों को शुक्लागंज के निजी अस्पतालों में ले जाया गया।
स्थिति गंभीर होने पर मानिक गुप्ता को कानपुर के हैलट अस्पताल और फिर कार्डियोलॉजी रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मानिक गुप्ता पिछले 30 वर्षों से केसीए अंपायरिंग पैनल से जुड़े थे। मैदान पर मौजूद लोगों के अनुसार, मधुमक्खियों के हमले के कारण भगदड़ मच गई। खिलाड़ी खुद को बचाने के लिए जमीन पर लेट गए, लेकिन मानिक गुप्ता समय रहते सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंच सके। इस घटना के बाद मैच को तुरंत रोक दिया गया।