{"vars":{"id": "125128:4947"}}

स्कूल जा रही छात्रा को ट्रेलर ने कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत

मुबारकपुर के कटरा मोहल्ले की दिल दहला देने वाली घटना; चचेरे भाई के साथ बाइक से स्कूल जा रही थी छात्रा, विदेश में हैं पिता।

 

भदैनी मिरर आजमगढ़ डेस्क: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर नगर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 16 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक सामने आए ट्रेलर की चपेट में आने से हुए इस भीषण हादसे में छात्रा का शव क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर नगर के पुरा रानी मोहल्ला निवासी गुलरेज अजीजी की 16 वर्षीय पुत्री तहजीब बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे अपने 15 वर्षीय चचेरे भाई रेयाज (पुत्र हुमायूं कबीर) के साथ बाइक पर सवार होकर सेंट्रल पब्लिक स्कूल जा रही थी।

जब वे दोनों मुबारकपुर के कटरा मोहल्ले के पास पहुंचे, तो अचानक सामने एक तेज रफ्तार ट्रेलर आ गया। अचानक सामने वाहन देखकर बाइक चला रहा रेयाज नियंत्रण खो बैठा और बाइक से छिटककर दूर जा गिरा। वहीं, पीछे बैठी तहजीब अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा के शरीर के चिथड़े उड़ गए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

परिवार में मचा कोहराम, पिता हैं विदेश में

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल किशोर रेयाज को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मुबारकपुर में भर्ती कराया। वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को भी जब्त कर लिया है।

प्रभारी निरीक्षक शशि चंद चौधरी ने बताया कि सड़क हादसे में छात्रा की मौत के मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतका तहजीब दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। घर की लाडली बेटी की इस तरह अचानक हुई दर्दनाक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।