{"vars":{"id": "125128:4947"}}

चर्चित कोचिंग टीचर अवध ओझा ने राजनीति से लिया सन्यास, आप पार्टी से दिया इस्तीफा

छोटी राजनीतिक पारी के बाद अचानक इस्तीफे से चढ़ा सियासी पारा

 

आम आदमी पार्टी में हुए थे शामिल, किया था पार्टी के लिए प्रचार-प्रसार 

लखनऊ। अध्यापन कार्य से राजनीति में आये चर्चित कोचिंग टीचर और मोटिवेशनल स्पीकर अवध ओझा ने आम आदमी पार्टी (आप) से इस्तीफा दे दिया। अपनी कुछ ही महीनों की राजनीतिक पारी के बाद उन्होंने राजनीति से सन्यास ले लिया। मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ’एक्स’ पर पोस्ट कर राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। कम समय की राजनीति में ही अवध ओझा को कई तरह के खट्टे-मीठे और तीखें अनुभवों का सामना करना पड़ा। उनके इस्तीफे के बाद से सियासी पारा भी अभी हाई हो गया है। 

गौरतलब है कि अवध ओझा सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं। वह अपनी प्रेरणादायक बातों और छात्रों के बीच लोकप्रियता के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में राजनीति में कदम रखा और अरिंवद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। उन्होंने पार्टी के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होंने अपनी छोटी राजनीतिक पारी के बाद राजनीति से दूरी बनाने का निर्णय ले लिया। ’एक्स’ पर पोस्ट में अवध ओझा ने आम आदमी पार्टी और उनके नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। लिखा, “मैं आम आदमी पार्टी को अलविदा कह रहा हूं। हमेशा इस पार्टी का ऋणी रहूंगा। आप एक महान नेता हैं।

अरविंद जी, मनीष जी, संजय जी, सभी आप के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नेता आदि का दिल से बहुत-बहुत धन्यवाद है। लिखा कि जो प्रेम और सम्मान अपने दिया, मैं उसका ऋणी रहूंगा। राजनीति से संन्यास मेरा व्यक्तिगत निर्णय है। अरविंद जी आप एक बहुत महान नेता हैं। जय हिन्द। आपको बता दें कि अवध ओझा देश के सबसे पसंद किए जाने वाले शिक्षकों में से एक हैं। वह यूपीएससी कोच, यूट्यूबर, और शिक्षक हैं। वह गोंडा जिले के रहनेवाले हैं। राजनीति की अल्प पारी के बाद ही सन्यास की खबरें आने के बाद सियासी गलियारों में प्रतिक्रियाएं होने लगी है।