{"vars":{"id": "125128:4947"}}

बोर्ड एग्जाम में सरकारी दावों की हकीकत : खुलेआम नकल का विरोध करने पर गेट बंद कर लाठियों से पीटे गये छात्र

राजातालाब थाना के पयागपुर श्रीप्रकाश इंटरमीडिएट कॉलेज में घटना के बाद बौखलाये अभिभावक

 

कई छात्र चोटिल, छात्रों ने कपड़े खोल कर दिखाए जख्म

छात्रों के जख्मों ने खड़े कर दिये योगी सरकार में नकली विहीन परीक्षा प्रणाली पर गहरे सवाल

वाराणसी, भदैनी मिरर। राजातालाब थाना क्षेत्र के पयागपुर (मातलदेई) में श्रीप्रकाश इंटरमीडिएट कॉलेज में शुक्रवार को बोर्ड परीक्षा के दौरान कुछ छात्रों को नकल कराने का अन्य छात्रों ने विरोध किया तो उन्हें गेट बंद कर लाठियों से पीटा गया। यह है बोर्ड परीक्षा की निष्पक्ष और पारदर्शिता की स्थिति। इस घटना ने यूपी बोर्ड की परीक्षा प्रणाली और योगी सरकार के दावे की धज्जियां उड़ा दी है। 

बताते हैं कि शुक्रवार को इंग्लिश पेपर की परीक्षा चल रही थी। छात्रों का आरोप है कि नकल कराने को लेकर अन्य स्कूल से आये छात्रों ने टोका तो लाठी-डंडों से उन्हें पीटा गया। छात्रों को बेरहमी से मारा गया जिससे कई छात्र चोटिल हो गये। छात्रों ने बताया कि श्रीप्रकाश इंटरमीडिएट कॉलेज के लड़कियों का सेल्फ सेंटर है, उसके अलावा “महामना मालवीय इंटर कालेज बच्छाव वाराणसी“ व “अर्जुन प्रसाद इन्टर मीडिएट कालेज“ खजूरी के छात्रों का सेंटर आया है। शुक्रवार को द्वितीय पाली में इंग्लिश का पेपर था। आरोप है कि लड़कियों का सेल्फ सेंटर होने की वजह से उनको नकल कराया जा रहा था। जब पेपर खत्म हुआ तो स्कूल की सीढ़ी से उतरते समय छात्रों ने कहा कि नकल कराकर गलत हुआ है और उन्होंने इसका विरोध किया।

इतने में स्कूल कर्मचारी और टीचर लाठी डंडे से हम लोगों को मारने पीटने लगे। छात्र बचने के लिए जब गेट की तरफ भागे तो वहां के कर्मचारी गेट बंद करके हम लोगों को लाठी डंडे से पीटा गया। कई छात्रों को काफी छोटे आई हैं। इस घटना के बाद गेट के बाहर निकले छात्र पंचकोशी मार्ग पर हंगामा करने लगे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने स्कूल की मान्यता निरस्त करने की मांग की और बोर्ड परीक्षा के निष्पक्ष चुनाव कराने के दावे पर बड़़ा सवाल खड़ा कर दिया। सूचना पर एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव व राजातालाब थाना प्रभारी समेत भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। कुछ देर बाद छात्रों के परिजन भी वहां पहुंच गए। और स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। इस दौरान स्कूल प्रिंसिपल और छात्रों के परिजन के बीच घंटों पंचायत चली। एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव ने कहा कि स्कूल केंद्र में नकल कराने की और छात्रों को पीटने व हंगामा करने की सूचना मिली थी। स्कूल के प्रधानाध्यापक से बात हुई और घटना से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। छात्र तहरीर देंगे तो पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी।

 

सामान्य हुए हालात 

 डीसीपी गोमती जोन कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि यह विवाद द्वितीय पाली की परीक्षा के बाद हुआ। विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों विद्यालय (श्री प्रकाश इंटर कॉलेज, पयागपुर और मालवीय इंटर कॉलेज बच्छाव) के प्रबंधन एवं छात्रों के अभिभावकों की उपस्थिति में आपसी बातचीत हुई है। दोनों पक्षों ने आपस में सुलझ- समझौता कर लिया। सभी शांतिपूर्वक अपने घर चले गए।