Ram Mandir Pran Pratishtha: राम मंदिर में विराजमान हुए राजा राम, CM Yogi ने की राम दरबार समेत आठ देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा
अयोध्या। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर अयोध्या के राम मंदिर परिसर में एक और ऐतिहासिक क्षण जुड़ गया। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम दरबार की भव्य मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा कर उन्हें विधिपूर्वक मंदिर में स्थापित किया।
सुबह 11:25 से 11:40 बजे तक यह मुख्य कार्यक्रम चला, जो धार्मिक दृष्टि से बेहद शुभ और सिद्ध योग में सम्पन्न हुआ। इससे पहले प्रातः 6 बजे से विशेष अनुष्ठान और यज्ञ की शुरुआत हो चुकी थी।
राम दरबार में विराजमान भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, शत्रुघ्न, भरत और हनुमान जी की प्रतिमाएं भव्य आकार में स्थापित की गईं। राम-सीता की मूर्ति सिंहासन सहित लगभग सात फीट ऊंची है। हनुमान और भरत जी की मूर्तियां बैठी मुद्रा में हैं, जिनकी ऊंचाई लगभग 2.5 फीट है। लक्ष्मण और शत्रुघ्न खड़े स्वरूप में तीन-तीन फीट ऊंचे विग्रह के रूप में विराजमान हैं।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विग्रहों का विधिपूर्वक अभिषेक कर, राम दरबार का आवरण हटाया और श्रीराम का भव्य आभूषणों से श्रृंगार किया गया।
इस ऐतिहासिक अनुष्ठान में अयोध्या के 19 प्रमुख संत-महंत, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, और विहिप के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।