{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Ram Mandir News: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला 13 घंटे की पुलिस रिमांड पर; खुलेंगे कई बड़े राज

प्रतापगढ़ स्थित पैतृक आवास और संभावित ठिकानों पर छापेमारी करेगी पुलिस, ₹20 लाख से अधिक कैश और विदेशी करेंसी बरामदगी के बाद कसा शिकंजा

 

अयोध्या: अयोध्या के विश्वप्रसिद्ध श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में हुई सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिलने की उम्मीद जाग गई है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों में से मुख्य किरदार माने जा रहे अविनाश शुक्ला को पुलिस ने अपनी कस्टडी रिमांड पर ले लिया है। शुक्रवार की सुबह पुलिस की एक विशेष टीम कड़ी सुरक्षा के बीच अविनाश को लेने जेल पहुंची और उसे अपने साथ लेकर रवाना हो गई।

कोर्ट ने मंजूर की 13 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कोर्ट (Anti-Corruption Court) के विशेष न्यायाधीश ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी अविनाश शुक्ला की 13 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की है। हालांकि, मामले के विवेचक और पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) आशुतोष तिवारी ने गहन पूछताछ, नेटवर्क के खुलासे और चोरी की अन्य कड़ियों को जोड़ने के लिए अदालत से 48 घंटे की रिमांड की मांग की थी।

आरोपी के पास से बरामद हो चुका है भारी कुबेर

पुलिस जांच में यह बात साफ हो चुकी है कि चढ़ावे की इस बड़ी चोरी में अविनाश शुक्ला की भूमिका सबसे अहम रही है। गिरफ्तारी के वक्त पुलिस ने अविनाश के पास से:

  • ₹20.39 लाख से अधिक की भारी-भरकम नकदी बरामद की थी।

  • इसके साथ ही उसके पास से करीब 1,000 यूएस डॉलर (विदेशी मुद्रा) भी मिले थे।

  • तलाशी के दौरान 170 ग्राम सोने-चांजे के कीमती आभूषण भी जब्त किए गए थे।

विवेचक ने कोर्ट में दाखिल प्रार्थना पत्र में स्पष्ट किया था कि आरोपी के पास से घटना से जुड़े कई अन्य अहम साक्ष्य, चोरी की बाकी रकम और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की जानी है, जिसके लिए उसका कस्टडी में होना बेहद जरूरी है।

जेल में पूछताछ से मिले कई सुराग, प्रतापगढ़ जाएगी पुलिस

गुरुवार को कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने बताया कि जेल में बंद अविनाश से शुरुआती पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाली और नई जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस अब रिमांड अवधि के दौरान आरोपी को लेकर उसके प्रतापगढ़ स्थित पैतृक गांव और अन्य संभावित ठिकानों पर जा सकती है, जहां छिपाई गई रकम या अन्य साक्ष्यों को बरामद किया जा सके।

सामने आएंगे पर्दे के पीछे के असली 'मास्टरमाइंड'

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अविनाश शुक्ला से होने वाली इस गहन पूछताछ के बाद राम मंदिर के चढ़ावे पर नजर गड़ाए बैठे इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश हो सकता है। पुलिस को उम्मीद है कि अविनाश उन रसूखदार नामों का भी खुलासा कर सकता है, जो पर्दे के पीछे रहकर इस पूरी साजिश को शह दे रहे थे। इसके अलावा, मामले में गिरफ्तार अन्य सात आरोपियों की भूमिका और उनके बीच हुए पैसों के बंटवारे का सच भी अब पूरी तरह साफ हो जाएगा। इस पूछताछ के बाद केस में कुछ नए चेहरों के नाम भी जोड़े जा सकते हैं।