राज्यसभा चुनाव का ऐलान: UP की 10 समेत 12 सीटों पर 16 अक्टूबर को वोटिंग
निर्वाचन आयोग ने घोषित किया राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव का कार्यक्रम; यूपी की 11 एमएलसी सीटों पर भी 23 अक्टूबर को पड़ेंगे वोट।
भदैनी मिरर डेस्क: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने देश की 12 राज्यसभा सीटों और चार राज्यों की 28 विधान परिषद (MLC) सीटों के लिए चुनावी कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। राज्यसभा की 12 में से 10 सीटें अकेले उत्तर प्रदेश की हैं, जिससे राज्य के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले हो रहे इस चुनाव को राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश की 10 सीटों के अलावा 1 सीट उत्तराखंड की है और 1 सीट पश्चिम बंगाल की है, जहां टीएमसी सांसद रुक्मिणी मलिक के इस्तीफे के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है।
16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, राज्यसभा चुनावों के लिए 29 सितंबर को आधिकारिक अधिसूचना जारी होगी।
-
नामांकन की अंतिम तिथि: 6 अक्टूबर
-
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 9 अक्टूबर
-
मतदान की तारीख: 16 अक्टूबर (सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक)
-
परिणाम: 16 अक्टूबर की देर शाम तक मतगणना के बाद नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
25 नवंबर को खत्म हो रहा 11 सांसदों का कार्यकाल
25 नवंबर को उच्च सदन के कुल 11 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इनमें सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 8 सांसद शामिल हैं।
-
भाजपा से रिटायर होने वाले नेता: हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, नीरज शेखर, बृजलाल, बीएल वर्मा, सीमा द्विवेदी, चंद्रप्रभा (सभी यूपी से) और नरेश बंसल (उत्तराखंड से)।
-
विपक्ष से रिटायर होने वाले नेता: समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के एकमात्र राज्यसभा सांसद रामजी गौतम।
4 राज्यों की 28 विधान परिषद (MLC) सीटों पर भी चुनाव घोषित
राज्यसभा के साथ-साथ चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की कुल 28 विधान परिषद सीटों के लिए भी चुनाव शेड्यूल जारी किया है।
-
यूपी की विधान परिषद सीटें: 11 सीटें
-
बिहार की सीटें: 8 सीटें
-
महाराष्ट्र की सीटें: 5 सीटें
-
कर्नाटक की सीटें: 4 सीटें
एमएलसी सीटों के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी। चुनाव आयोग ने घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू कर दी है।