{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Raja Raghuwanshi Murder Case : सोनम रघुवंशी की गिरफ्तारी पर पिता ने मेघालय पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- मैं अमित शाह से मिलूंगा और...

 

Raja Raghuwanshi Murder Case : राजा रघुवंशी हत्याकांड में सोनम रघुवंशी की गिरफ्तारी के बाद उनके पिता देवी सिंह सामने आए हैं और उन्होंने पूरे मामले में मेघालय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। देवी सिंह का दावा है कि उनकी बेटी पूरी तरह निर्दोष है और पुलिस झूठे दावे कर रही है।

सोनम ने खुद किया था संपर्क

देवी सिंह ने बताया कि, "मेरी बेटी गाजीपुर में एक ढाबे पर खुद पहुंची थी और वहीं से उसने अपने भाई को फोन किया। इसके बाद पुलिस मौके पर आई और उसे वहां से ले गई। मेरी बेटी को मेघालय में गिरफ्तार नहीं किया गया, जैसा कि दावा किया जा रहा है।"

“मेरी बेटी कभी अपने पति को नुकसान नहीं पहुंचा सकती”

उन्होंने भावुक होकर कहा, "मुझे अपनी बेटी पर पूरा भरोसा है। वह अपने पति से बेहद प्यार करती थी, वह उसके साथ ऐसा कुछ नहीं कर सकती। ये सब झूठा प्रचार है। दोनों परिवारों की रजामंदी से शादी हुई थी, रिश्ता भी अच्छा था।"

“अब सीबीआई जांच की जरूरत है”

देवी सिंह ने बताया कि परिवार अब सीबीआई जांच की मांग करने पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा, “हम मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और पूर्व गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर सीबीआई जांच की अपील करेंगे। मेघालय पुलिस खुद एक साजिश रच रही है। यदि निष्पक्ष जांच हो तो सच्चाई सामने आ जाएगी और जो अफसर सोनम को फंसा रहे हैं, वो जेल के अंदर होंगे।”

मेघालय पुलिस बना रही काल्पनिक कहानी

सोनम के पिता ने पुलिस पर कहानी गढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा, “मेरी बेटी को झूठे केस में फंसाया जा रहा है। बिना ठोस सबूतों के सिर्फ संदेह के आधार पर उसे आरोपी बताया जा रहा है। हम कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और सच को सामने लाएंगे।”