{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Premanand Maharaj Ashram Controversy: प्रेमानंद महाराज का आश्रम विवादों में, शिष्य की मौत के बाद अब युवती व बच्चा लापता

वृंदावन के राधा केलि कुंज आश्रम के बाहर धरने पर बैठे किशोर के परिजन; नोएडा की युवती और 10 वर्षीय बालक के गायब होने से खड़े हुए गंभीर सवाल।

 

वृंदावन (भदैनी मिरर): संत प्रेमानंद महाराज का प्रसिद्ध राधा केलि कुंज आश्रम इन दिनों एक के बाद एक कई गंभीर विवादों और सवालों के घेरे में आ गया है। हाल ही में आश्रम से जुड़े एक शिष्य की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब आश्रम से जुड़े तीन अन्य लोगों—एक 17 वर्षीय किशोर, नोएडा की 38 वर्षीय युवती और एक 10 वर्षीय बच्चे—के रहस्यमय तरीके से गायब होने की खबर ने सनसनी फैला दी है।

लापता किशोर के परिजनों ने आश्रम के बाहर धरना शुरू कर दिया है, जिससे माहौल गरमा गया है।

17 वर्षीय अनुज चौधरी गायब, परिजन धरने पर बैठे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आश्रम आया 17 वर्षीय किशोर अनुज चौधरी अचानक लापता हो गया। अनुज के परिजन उसकी सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर राधा केलि कुंज आश्रम के सामने धरने पर बैठ गए हैं। परिजनों ने आश्रम प्रबंधन पर सहयोग न करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि वे अपने बच्चे की खोज के लिए गुहार लगा रहे हैं, लेकिन आश्रम की ओर से उन्हें कोई संतोषजनक जवाब या मदद नहीं मिल रही है।

नोएडा की युवती विभा और 10 साल का मासूम वंश भी लापता

केवल अनुज ही नहीं, बल्कि दो अन्य लोगों के लापता होने की जानकारी भी सामने आई है:

  1. नोएडा की विभा सिन्हा (38 वर्ष): नोएडा के सेक्टर 56 निवासी उमेश सिन्हा अपनी बेटी विभा की तलाश में आश्रम के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभा गत 15 अगस्त को महाराज जी से दीक्षा लेने के लिए घर से वृंदावन आश्रम के लिए निकली थी, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लगा है। नोएडा पुलिस में इसकी गुमशुदगी दर्ज कराई जा चुकी है।

  2. 10 वर्षीय मासूम वंश: नजफगढ़ निवासी अनीता, जो आश्रम के बाहर एक ढाबे पर खाना बनाने का काम करती हैं, का 10 वर्षीय बेटा वंश पिछले छह दिनों से गायब है। अनीता किसी काम से गांव गई थीं और बच्चे को ढाबे पर छोड़ गई थीं, लेकिन वापस लौटने पर बच्चा नहीं मिला।

शिष्य रसिक की संदिग्ध मौत ने बढ़ाए सवाल

इससे पहले प्रेमानंद महाराज के शिष्य जबलपुर निवासी दीपक पटेल उर्फ 'रसिक दुलारी शरण' की संदिग्ध परिस्थितियों में चौथे माले से गिरकर मौत हो गई थी। इस घटना में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए थे, जिसने आश्रम की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए थे।

सत्संग और पदयात्रा बंद होने से भी तरह-तरह की चर्चाएँ

सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुए प्रेमानंद महाराज की रात में निकलने वाली प्रसिद्ध पदयात्रा पिछले कुछ महीनों से बंद है। इसके अलावा, उनके आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर नए सत्संग वीडियो का प्रसारण भी काफी समय से बंद है। महाराज जी के नए स्थान (यमुना पार) स्थानांतरित होने के बाद से ही श्रद्धालुओं के बीच कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

फिलहाल, एक साथ कई लोगों के लापता होने और परिजनों द्वारा आश्रम के बाहर धरना दिए जाने के बाद स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।