'गरीब की औलाद, जूते साफ कराऊंगी...': नोएडा की गालीबाज महिला पर FIR दर्ज, अखिलेश यादव पर टिप्पणी के बाद बढ़ा विवाद
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में डिलीवरी बॉय को रोकने पर भड़की महिला; गालियों और मारपीट के बाद सपा नेताओं ने थाने में दी तहरीर
भदैनी मिरर (क्राइम डेस्क): ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) की आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। देर रात खाना डिलीवरी बॉय को गेट पर रोकने से नाराज एक महिला ने सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों (गार्ड्स) के साथ न सिर्फ बदसलूकी और गाली-गलौज की, बल्कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी कर डाली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
बिसरख थाना क्षेत्र स्थित सोसाइटी में 25 अगस्त 2026 की रात करीब 2:30 बजे एक डिलीवरी बॉय टावर F-3 के एक फ्लैट का ऑर्डर लेकर पहुंचा था। सुरक्षा नियमों के तहत ऑन-ड्यूटी गार्ड्स ने उसे गेट पर रोककर एंट्री प्रक्रिया शुरू की। फ्लैट से अप्रूवल न मिलने के कारण जब गार्ड्स ने उसे अंदर जाने से मना किया, तो डिलीवरी बॉय ने फ्लैट में रहने वाली प्रियंका नामक महिला को फोन किया।
आरोप है कि नीचे आते ही महिला आपा खो बैठी और गार्ड्स पर चीखते-चिल्लाते हुए गाली-गलौज करने लगी। महिला ने गार्ड्स की गरीबी और औकात का मजाक उड़ाते हुए जूते साफ कराने और जान से मारने की धमकियां दीं। इस दौरान महिला ने हाथापाई की, पैर से मारने का प्रयास किया और एक सिक्योरिटी सुपरवाइजर का मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया।
घटना से जुड़ी मुख्य बातें:
-
कानूनी कार्रवाई: सुरक्षाकर्मी भानु प्रताप सिंह की तहरीर पर बिसरख थाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धारा 115(2) (चोट पहुंचाना), 352 (अपमान करना) और 324(4) (तोड़फोड़ करना) के तहत केस दर्ज किया है।
-
शांतिभंग में चालान: पुलिस ने महिला का शांतिभंग की धारा में चालान करते हुए ₹5 लाख का बॉन्ड भरवाया है।
-
अखिलेश यादव पर टिप्पणी से गरमाई राजनीति: विवाद के दौरान महिला द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी और युवजन सभा के अक्षय चौधरी के नेतृत्व में सपा प्रतिनिधिमंडल ने बिसरख थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सपा नेताओं ने महिला से सार्वजनिक माफी की मांग की है।
-
आरोपी की पृष्ठभूमि: पड़ोसियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी महिला पहले मुंबई में अभिनय (फिल्मों) का काम करती थी और फिलहाल काम न होने के कारण अपनी मां के साथ फ्लैट में रह रही है।
बिसरख थाना प्रभारी के मुताबिक गार्ड की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा सपा नेताओं की तहरीर पर भी जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।