यूपी राजनीति: परिमल नाथवानी के बेटे धनराज नाथवानी को सपा भेजेगी राज्यसभा
प्रो. रामगोपाल यादव के साथ धनराज नाथवानी का नाम फाइनल; क्या झारखंड की तर्ज पर यूपी में भी दिखेगा क्रास वोटिंग का खेल?
लखनऊ / भदैनी मिरर:उत्तर प्रदेश की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी कयासबाजी पर अब विराम लग गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दूसरे राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में उद्योगपति परिमल नाथवानी के पुत्र धनराज नाथवानी के नाम का ऐलान कर सभी राजनीतिक पंडितों को चौंका दिया है। इससे पहले अखिलेश यादव ने संकेत दिए थे कि दूसरे नाम का ऐलान चौकाने वाला होगा, जो अब सच साबित हुआ है। सपा ने पहली सीट के लिए वरिष्ठ नेता व रणनीतिकार प्रोफेसर रामगोपाल यादव को उम्मीदवार बनाया है।
झारखंड से राज्यसभा पहुंचे थे पिता परिमल नाथवानी
धनराज नाथवानी के नाम की घोषणा होते ही उनके पिता परिमल नाथवानी के चर्चित राजनीतिक सफर की चर्चा दोबारा छिड़ गई है। परिमल नाथवानी जब चौथी बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में झारखंड से राज्यसभा पहुंचे थे, तब उन्हें एनडीए (NDA) का समर्थन प्राप्त था।
उस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा के खिलाफ खड़ा हुआ मुकाबला बेहद कांटे का था। वोटों का समीकरण पक्ष में न होने के बावजूद परिमल नाथवानी ने विपक्षी खेमे में सेंधमारी कर जीत हासिल की थी। उस दौरान कांग्रेस ने राजद (RJD) और भाकपा माले (CPIML) पर क्रास वोटिंग के गंभीर आरोप लगाए थे।
सपा के लिए दो सीटें पक्की, तीसरी सीट पर फंसा पेंच
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मौजूदा आंकड़ों के अनुसार समाजवादी पार्टी के खाते में दो सीटें बेहद आसानी से आ रही हैं। पहली सीट पर प्रो. रामगोपाल यादव और दूसरी सीट पर धनराज नाथवानी की जीत तय मानी जा रही है।
लेकिन अब सबकी निगाहें तीसरी सीट के समीकरणों पर टिकी हुई हैं:
-
तीसरी सीट का गणित: विधानसभा के आंकड़ों के हिसाब से तीसरी सीट के लिए किसी भी दल के पास स्पष्ट बहुमत नहीं है।
-
भाजपा से सीधी टक्कर: यदि समाजवादी पार्टी तीसरी सीट पर भी अपना उम्मीदवार उतारती है, तो भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ कांटे का मुकाबला देखने को मिलेगा।
-
क्रास वोटिंग की संभावना: अखिलेश यादव ने तीसरी सीट को लेकर अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। यदि सपा तीसरी सीट पर दांव लगाती है, तो यूपी में भी झारखंड जैसा वोटों की जोड़-तोड़ और क्रास वोटिंग का नया दौर देखने को मिल सकता है।