Neela Drum Kand: मेरठ के चर्चित ड्रम हत्याकांड में फांसी की सजा पाने वाली मुस्कान की बेटी को गोद लेना चाहता है मुंबई का इंफ्लुएंसर फैजान
डीजीसी केके चौबे ने कहा- फिलहाल प्रक्रिया संभव नहीं, मां की सहमति और कानूनी प्रावधानों के तहत ही आगे बढ़ेंगे नियम
क्राइम डेस्क (भदैनी मिरर): मेरठ के चर्चित और सनसनीखेज ‘नीला ड्रम कांड’ मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या के जुर्म में फांसी की सजा पा चुकी मुस्कान की 10 माह की बेटी मन्नत उर्फ राधा को गोद लेने के लिए मुंबई के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर फैजान अंसारी मेरठ पहुंचे हैं। फैजान ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बच्ची की पूरी जिम्मेदारी उठाने की इच्छा जताई है।
अडॉप्ट करने के लिए कोर्ट में दिया प्रार्थना पत्र
मुंबई से मेरठ पहुंचे फैजान अंसारी ने जिला जज की अदालत में अर्जी दाखिल करते हुए कहा कि वह बच्ची की बेहतर परवरिश करने में पूरी तरह सक्षम हैं। उन्होंने राधा के भरण-पोषण से लेकर पढ़ाई, इलाज और उसके विवाह तक का सारा खर्च उठाने की पेशकश की है। फैजान ने अपनी आर्थिक स्थिति और क्षमता की जांच कराने की भी बात कही है ताकि यह साफ हो सके कि वह बच्ची का भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं। खबरों के मुताबिक, मुस्कान और उसकी बेटी की स्थिति के बारे में जानने के बाद फैजान ने मदद का यह फैसला लिया।
क्या बोले जिला शासकीय अधिवक्ता (DGC)?
इस पूरे मामले पर जिला शासकीय अधिवक्ता (DGC) केके चौबे ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा कानूनी स्थिति में यह प्रक्रिया इतनी आसान नहीं है। उन्होंने बताया कि मां की इच्छा और सहमति के बिना ऐसा करना संभव नहीं है, साथ ही कानून के मुताबिक नियत आयु तक बच्चा अपनी मां के साथ ही रहता है। हालांकि, यदि फैजान प्रशासन के माध्यम से बच्ची के भरण-पोषण या आर्थिक सहायता में सहयोग करना चाहते हैं, तो विधिक प्रक्रिया और आयु संबंधी प्रावधानों के तहत ही आगे विचार किया जा सकता है।
क्या है पूरा 'नीला ड्रम कांड'?
मेरठ का यह बहुचर्चित हत्याकांड देश भर में सुर्खियों में रहा था। पिछले साल मार्च में मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ राजपूत की बेरहमी से हत्या कर दी थी। चाकू से वार करने के बाद शव के कई टुकड़े किए गए और उन्हें एक नीले ड्रम में भरकर ऊपर से सीमेंट का घोल डाल दिया गया था। इसके बाद आरोपी प्रेमी के साथ हिमाचल घूमने भी निकल गए थे। गिरफ्तारी के वक्त मुस्कान गर्भवती थी और उसने जेल की सलाखों के पीछे ही इस बच्ची को जन्म दिया था। सौरभ और मुस्कान दोनों के परिवारों ने इस घटना के बाद से उनसे दूरी बना ली है, जिसके चलते बच्ची के भविष्य को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है।