{"vars":{"id": "125128:4947"}}

होली से पहले मातम : दुपट्टा बाइक में फंसा और चली गई CRPF जवान की पत्नी की जान

बिजनौर में परिवार संग होली मनाने जवान आया था घर, पत्नी और बच्चो संग निकले थे बाजार

 

रफ्तार में थी बाइक, दुपट्टा फंसते गिरी सोनिका और लगी गंभीर चोट

बिजनौर। बिजनौर में हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे पर रामगंगा पुल के पास मंगलवार को सीआरपीएफ जवान दीपक कुमार और परिवार के साथ होली मनाने का अरमान धरा-धरा रह गय। पति संग जा रही उनकी पत्नी सोनिका का दुपट्टा बाइक के पहिए में फंसा और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। इस दर्दनाक हादसे में पत्नी की मौत हो गई।

घर में होली की तैयारी हो रही थी और मौत की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह शव को अपने साथ लेते गये। जानकारी के अनसार अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के चौहड़वाला गांव निवासी दीपक कुमार सीआरपीएफ में हवलदार के पद पर हैं। इन दिनों उनकी तैनाती देहरादून में हैं। वह परिवार के साथ होली मनाने घर आये थे।

मंगलवार सुबह दीपक कुमार 34 वर्षीया पत्नी सोनिका, छह वर्षीय बेटे ऋषभ और चार वर्षीय बेटी अनामिका के साथ बाइक से धामपुर आए थे। बाइक से जाते वक्त सोनिका का दुपट्टा बाइक के पहिए में फंसा और वह झटके के साथ सड़क पर जा गिरीं। बाइक की रफ्तार कुछ तेज थी, इसलिए उन्हें गहरी चोटें लगीं। दुर्घटना देख आसपास के लोग पहुंचे। इधर, पत्नी की  लाश देख जवान की हालत बदहवासों जैसी हो गई। बच्चे बिलख रहे थे। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है।