बनकर तैयार हो गये 40 से अधिक नई आईटीआई, जल्द शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया
नये संस्थानों में प्रधानाध्यापक समेत अन्य पदों पर भर्ती प्रकिया शुरू
लखनऊ। प्रदेश में युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण देकर रोजगार के लिए तैयार करने की कवायद जारी है। इसी कवायद के तहत 28 से अधिक नई आईटीआई बनकर तैयार हैं। इसके साथ ही 15 से ज्यादा अधूरे ITI का भी निर्माण कार्य पूरा कराया गया है। नए सत्र में 40 से अधिक नई आईटीआई में नए सत्र 2026-27 में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी।
इसके तहत दो चरणों में दो सौ से ज्यादा आईटीआई को टाटा के सहयोग से अपग्रेड किया गया है। यहां अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी के साथ अप्रैल-मई में नए सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो रही है। व्यावसायिक शिक्षा विभाग की ओर से बनकर तैयार 28 नई आईटीआई में भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहयोग से 15 अधूरे आईटीआई का भी निर्माण पूरा कराकर पढ़ाई और प्रशिक्षण शुरू कराने का निर्णय लिया गया है। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने बताया कि प्रति आईटीआई में करीब 400 यानी 16 हजार युवाओं के लिए सीटें बढ़ जाएंगी।
देवरिया में दो, अयोध्या, अमरोहा, कानपुर देहात, आगरा में एक-एक, संतकबीरनगर में दो, प्रतापगढ़, गोरखपुर, कासगंज में एक-एक, मुजफ्फरनगर व अमेठी में दो-दो, बिजनौर, हाथरस, बस्ती, एटा में एक-एक, सिद्धार्थनगर में चार, श्रावस्ती, इटावा, प्रतापगढ़, चंदौली, औरैया में एक-एक नये आईटीआई में प्रवेश शुरू होंगे। इसी के साथ नये आईटीआई में प्रधानाध्यापक व अनुदेशक आदि पदों पर भर्ती की प्रक्रिया विभाग ने शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार 28 प्रधानाध्यापक, 28 कार्यदेशक, 720 से ज्यादा अनुदेशक, वरिष्ठ सहायक, कनिष्ठ सहायक, भंडारी, चपरासी, परिचर, माली आदि के पदों को स्वीकृत कराने के साथ ही नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।