{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मुरादाबाद : इंस्टाग्राम विवाद में बजरंग दल के कार्यकर्ता की चौराहे पर गोली मारकर हत्या

हाईस्कूल का छात्र शोभित परिवार का इकलौता बेटा था, चार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज

 

एक लड़की को लेकर इंस्टाग्राम पर हुआ था विवाद, इसके बाद मारी गई गोली

मुरादाबाद। मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के बलदेवपुरी वसंत विहार चौराहे पर सोमवार शाम बजरंग दल सूरज नगर खंड के संयोजक शोभित ठाकुर उर्फ भूरा (20) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। चार माह पहले एक लड़की को लेकर इंस्टाग्राम पर विवाद हुआ था और यही हत्या की वजह बताई जा रही है। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय लोग और बजरंग दल कार्यकर्ता थाने में जुटकर हंगामा करने लगे। करीब दो घंटे तक हंगामा होता रहा। इस मामले में परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदामा दर्ज किया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। 

आपको बता दें कि शोभित ठाकुर कटघर के गुलाबबाड़ी चुंगी सूरज नगर का निवासी और कक्षा दस का छात्र था। सोमवार को वह दोस्तों संग घूमने निकला था। बताया जाता है कि शाम पांच बजे बलदेवपुरी वसंत विहार चौराहे पर सभी पहुंचे तभी जतिन उर्फ लाला, अक्कू शर्मा, अविनाश पासी और रोहित जाटव ने उसे घेर लिया। दोनों पक्षां में विवाद के दौरान अक्कू ने कनपटी पर तमंचा सटाकर शोभित को गोली मार दी। इसके बाद हमलावर भाग निकले। घटना देख आसपास के लोग पहुंचे और लहूलुहान शोभित को जिला अस्पताल ले गये। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जब इस घटना की खबर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ताओं को हुई तो वह थाने पर पहुंचने लगे। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा कर रहे थे। स्थिति गंभीर देख आसपास के चार थानों की फोर्स मंगा ली गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने हस्तक्षेप पर कार्यकर्ता शांत हुए। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि अविनाश और शोभित के बीच इंस्टाग्राम पर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई है। शोभित अपने परिवार का इकलौता बेटा था। शोभित की पांच बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। उसकी मौत से परिवार गहरे सदमे में है। उसके पिता घनश्याम ठाकुर फैक्ट्री में काम करते हैं।