{"vars":{"id": "125128:4947"}}

आगरा में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा: नाले में समाई साड़ी की पूरी दुकान, महिला सिपाही समेत 5 बचे, मां लापता

जामा मस्जिद के पीछे सुभाष बाजार में मंटोला नाले पर बनी दुकान अचानक जमींदोज, मची अफरातफरी

 

आगरा (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक बेहद हैरान और डरा देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जामा मस्जिद के पीछे स्थित सुभाष बाजार (मंटोला) में नाले के ऊपर बनी एक साड़ी की दुकान अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह कर नाले में समा गई। इस दर्दनाक हादसे के वक्त दुकान में मौजूद लखनऊ में तैनात एक महिला सिपाही और उसकी डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची सहित कुल छह लोग मंटोला नाले में जा गिरे।

चीख-पुकार और अफरातफरी के बीच स्थानीय लोगों और पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महिला सिपाही व बच्ची समेत पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, महिला सिपाही की बुजुर्ग मां का देर रात तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। लापता महिला की तलाश के लिए मथुरा से एसडीआरएफ (SDRF) की विशेष टीम बुलाई गई है।

शॉपिंग करने आई थी महिला सिपाही, अचानक हुआ धमाका

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार दोपहर करीब पौने तीन बजे हुआ। सुभाष बाजार में मंटोला नाले के ऊपर केदारनगर निवासी तुलाराम की 'राधा स्वामी क्लॉथ स्टोर' नाम से साड़ी की दुकान है। लखनऊ में तैनात महिला आरक्षी अनीता अपनी मां गंगादेवी (60 वर्ष) को खरीदारी कराने दुकान पर आई थीं। अनीता की गोद में उनकी डेढ़ साल की बेटी अनन्या भी थी।

तभी अचानक एक जोरदार धमाके के साथ दुकान का फर्श टूट गया और पूरी दुकान नीचे बह रहे गहरे मंटोला नाले में समा गई। देखते ही देखते दुकान मालिक तुलाराम, उनके दो कर्मचारी लाला भाई व कृष्णा, सिपाही अनीता, उनकी बेटी और मां गंगादेवी सीधे उफनते नाले में जा गिरे।

पांच लोगों को निकाला बाहर, मां की तलाश जारी

बाजार में मौजूद भीड़ और स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। रेस्क्यू टीम ने सबसे पहले महिला सिपाही अनीता और उनकी मासूम बेटी को नाले से बाहर निकाला। इसके बाद दुकानदार तुलाराम और फिर मलबे में दबे दोनों कर्मचारियों को जख्मी हालत में बाहर निकालकर तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस आयुक्त सचींद्र पटेल और डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास भारी फोर्स और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर डटे रहे। गोताखोरों ने बिजलीघर के पास लगे जाल तक नाले में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन गंगादेवी का कुछ पता नहीं चल सका। देर शाम पहुंची एसडीआरएफ की टीम भी लगातार रेस्क्यू में जुटी हुई है। इस हादसे के बाद स्थानीय व्यापारियों में नगर निगम के खिलाफ भारी आक्रोश है।

भारी बारिश और जलजमाव ने थामी आगरा की रफ्तार

बुधवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने ताजनगरी आगरा की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। भगवान टॉकीज से लेकर हरीपर्वत और एमजी रोड तक कई किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। सड़कों पर घुटनों तक पानी भरे होने और मेट्रो निर्माण के चलते जगह-जगह हुए गड्ढों ने राहगीरों, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों की मुसीबतें दोगुनी कर दी हैं। जलभराव के बीच रेंगते वाहनों को व्यवस्थित करने के लिए यातायात पुलिसकर्मियों को भारी बारिश में भीगते हुए ड्यूटी करनी पड़ी।