{"vars":{"id": "125128:4947"}}

लखनऊ अग्निकांड: सीएम योगी ने रद्द किया हाथरस-आगरा दौरा

Lucknow Fire Tragedy: लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण हादसे की खबर मिलते ही अलीगढ़ से वापस रवाना हुए सीएम योगी आदित्यनाथ। ग्राउंड फ्लोर पर पेंट शॉप होने से भड़की आग, ऊपरी मंजिल पर चल रहा था गेमिंग जोन।

 

लखनऊ (भदैनी मिरर): राजधानी लखनऊ के अलीगंज (पुरनिया) इलाके में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे उत्तर प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। हादसे की संवेदनशीलता और भयावहता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना आगामी हाथरस और आगरा का दो दिवसीय दौरा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। अलीगढ़ में एक जनसभा के दौरान जैसे ही सीएम योगी को इस हादसे की सूचना मिली, वे बीच में ही अपना कार्यक्रम छोड़कर तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

जनसभा में सीएम योगी ने दी हादसे की जानकारी, जताया गहरा दुख

अलीगढ़ में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उन्होंने मंच से जनता को संबोधित करते हुए कहा, "मैं चाहता था कि अलीगढ़ में रुकूं, लेकिन अभी-अभी जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक बेहद दुखद हादसा हुआ है। एक अग्निकांड की चपेट में आने से कुछ बच्चों की असामयिक और दुखद मृत्यु हुई है। इस संकट की घड़ी में प्रशासन पूरी तरह राहत कार्य में जुटा है और मुझे तुरंत लखनऊ वापस जाना पड़ रहा है। मैं पीड़ित परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।"

मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही उन्होंने तत्काल डीजीपी (DGP) और अपर मुख्य सचिव (गृह) को मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

ग्राउंड फ्लोर पर पेंट शॉप और ऊपर चल रहा था गेमिंग जोन

अधिकारियों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिस तीन मंजिला इमारत में यह हादसा हुआ, उसके ग्राउंड फ्लोर पर एक पेंट की दुकान (Paint Shop) थी। इस वजह से आग ने बेहद कम समय में विकराल रूप धारण कर लिया। वहीं इमारत की ऊपरी मंजिलों पर गेमिंग जोन और एनिमेशन सेंटर संचालित हो रहा था, जहाँ कई छात्र गेमिंग सॉफ्टवेयर और एनिमेशन का काम सीख रहे थे।

आग लगते ही पूरी इमारत में अफरा-तफरी मच गई। जहरीले और काले धुएं के कारण ऊपरी मंजिल पर मौजूद छात्र अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने अपनी जान पर खेलकर रेस्क्यू की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि कई मासूम इसकी चपेट में आ गए। अपुष्ट सूत्रों के मुताबिक, मृतकों की संख्या एक दर्जन से अधिक हो सकती है, जिनमें ज्यादातर युवाओं की उम्र 16 से 24 वर्ष के बीच है।

डिप्टी सीएम के छलके आंसू, पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

घटनास्थल पर पहुंचे उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मीडिया से बात करते हुए अपने आंसू नहीं रोक पाए। उन्होंने रूंधे गले से बताया कि सभी घायलों को केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम उनका इलाज कर रही है। डिप्टी सीएम खुद घायलों के इलाज की लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं।

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लखनऊ हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। पीएमओ की ओर से ट्वीट कर मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक मुआवजे का ऐलान किया गया है।

उच्चस्तरीय जांच के आदेश, बख्शे नहीं जाएंगे दोषी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पूरे मामले की तह तक जाने के लिए एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी का गठन करने के आदेश दिए हैं। सीएम ने साफ कहा है कि इस अग्निकांड की बारीकी से जांच की जाएगी और सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पूरे अलीगंज इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।