‘लुटेरी दुल्हन गैंग‘ मुस्लिम यवती को हिंदू बताकर करा दी शादी, फिर गहने, नकदी लेकर हो गये फरार
उत्तर प्रदेश के अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र के रहरा थाना क्षेत्र के पौरारा गांव की घटना
पुलिस ने कर दिया रफा-दफा तो पिता पहुंचा कोर्ट, अदालत के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
बिहार के कटिहार जिले के मीनापुर की है शाहीन खातून, सम्भल के पूजा और विनोद बन जाते हैं बहन-बहनाई
अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा के हसनपुर में ‘लुटेरी दुल्हन‘ गैंग ने मुस्लिम लड़की को हिन्दू बताकर युवक राजकुमार से शादी करा दी। जब भेद खुला तो गैंग के लोगों ने परिवारवालों से मारपीट की। फिर नकदी, आभूषण समेट कर भाग निकले। हालांकि घटना के समय सूचना पर पहुंची रहरा थाना की पुलिस ने एक आरोपित को पकड़ा और उसे थाने ले गई। फिर उसी पुलिस ने उल्टे दूल्हे राजकुमार को दुष्कर्म के मामले में फसाने की धमकी दी और पकड़े गये आरोपित विनोद को छोड़कर मामले को रफा-दफा कर दिया। इस मामले में दूल्हे के पिता सोमपाल सिंह ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने बिहार निवासी दुल्हन व उसकी संभल निवासिनी कथित बहन-बहनोई व बिचौलिया समेत चार के खिलाफ रहरा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया। अब वही पुलिस बता रही है कि यह शादी कराकर जेवर नकदी लूटने वालों को संगठित गैंग है।
घटना के बारे में रहरा थाना क्षेत्र के गांव पौरारा निवासी सोमपाल सिंह ने बताया कि उनके बेटे राजकुमार की गरीबी के कारण शादी नहीं हो पा रही थी। इसी दौरान गांव के मनवीर ने कहा कि वह उनके बेटे की शादी करा देगा। लड़की के माता-पिता नहीं है, इसलिए दहेज नहीं मिलेगा और दावत पर भी रुपये आपको ही खर्च करने होंगे। इसके बाद मनवीर ने शादी में खर्च के नाम पर सोमपाल से 70 हजार रुपये लिए। फिर उनके बेटे राजकुमार की शादी पिछले पांच जून को आशा नामक युवती से करा दी। सोमपाल को बताया गया था कि दुल्हन आशा अपनी बहन पूजा व बहनोई विनोद सम्भल जिले के गुन्नौर थाना क्षेत्र के हिमाऊपुर में रहते हैं। दुल्हन भी उनके साथ वहीं रहती है। शादी के कुछ दिनों बाद सोमपाल को पता चला कि बहू का नाम आशा नहीं बल्कि शाहीन खातून पुत्री मोहम्मद शाहनवाज है।
शाहीन खातून कटिहार (बिहार) के मीनापुर की रहने वाली है। धोखे का अहसास होने पर सोमपाल और राजकुमार विरोध करने लगे। उन्होंने बिचौलिये मनवीर को बुलाकर एतराज जताया। इसके बाद दुल्हन की कथित बहन पूजा व बहनोई विनोद 27 जुलाई की सुबह 10 बजे घर आए। दोनों ने विवाद किया और सोने-चांदी के आभूषण व 15 हजार की नकदी संग शाहीन को भी अपने साथ ले जाने लगे। सोमपाल ने विरोध किया तो पूजा और विनोद ने उनके साथ मारपीट की। सूचना पर पुलिस आई और विनोद को अपने साथ ले गई। वहां ‘लुटेरी दुल्हन‘ ने पुलिसवालों को कुछ ले-दे कर अपने पक्ष में कर लिया। इसके बाद पुलिसवाले खुद दूल्हे और उसके पिता को धमकाने लगे। कहने लगे कि राजकुमार के खिलाफ ही दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज देंगे। इसके बाद विनोद को थाने से छोड़ दिया। पुलिस का रवैया देख सोमपाल ने कोर्ट की शरण ली। तब जाकर अदालत के आदेश पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
थाना प्रभारी निरीक्षक अतवीर सिंह ने बताया कि विनोद, पूजा, मनवीर व शाहीन खातून पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब जब पुलिस को जांच में असलियत का पता चला तो उनका भी माथा ठनक गया। पुलिस ने बताया कि यह लोग गैंग बनाकर लोगों को शादी का झांसा देते हैं। इस गैंग में बिहार की शाहीन शामिल है, जिसे दुल्हन बनाया जाता है। दूसरे धर्म के लोगों से शादी करने पर शाहीन का नाम आशा बताया जाता है। विनोद व पूजा उसके फर्जी बहनोई व बहन बन जाते हैं। शादी के दो-चार दिन बाद गैंग जेवर व नकदी आदि समेटकर फरार हो जाता है। सोमपाल ने बताया कि उनके बेटे राजकुमार से शादी कराने के बाद इसी गिरोह ने पिछले 29 जुलाई को मोटी रकम लेकर मरौरा में त्यागी बिरादरी के व्यक्ति से शादी कराई है। अब इस मामले की भी जांच हो रही है।