{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Kanpur Crime News: थाई पत्नी से 57 लाख हड़पे, फिर जबरन 'इस्लाम कबूलने' का बनाया दबाव

थाईलैंड की महिला से शादी कर ठगे 57.50 लाख रुपये; भारत आने पर पता चला पति का सच, पहले से शादीशुदा और तीन बच्चों का बाप निकला आरोपी।

 

भदैनी मिरर क्राइम डेस्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से फर्जीवाड़े, धोखाधड़ी और जबरन धर्म परिवर्तन का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। थाईलैंड की एक महिला ने कानपुर के कारोबारी पर शादी का झांसा देकर 57.50 लाख रुपये हड़पने और रुपये वापस मांगने पर जबरन 'इस्लाम कबूलने' व बुर्का पहनने का दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है।

पीड़ित विदेशी महिला ने एडीसीपी ईस्ट के सामने पेश होकर आपबीती सुनाई और शादी के दस्तावेज व फोटो सौंपे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनवरगंज पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, थाईलैंड में की शादी

थाईलैंड निवासी पीड़िता के अनुसार, करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी बातचीत कानपुर के लाटूश रोड निवासी युवक से हुई थी। जाजमऊ में टेनरी चलाने वाले इस युवक ने खुद को बड़ा कारोबारी बताया था।

  • प्रेम-प्रसंग और शादी: थाईलैंड दौरे के दौरान दोनों की पहली मुलाकात हुई और दोनों लिव-इन में रहने लगे।

  • दो साल पहले मैरिज: करीब दो साल पहले युवक के प्रपोजल पर दोनों ने थाईलैंड में शादी कर ली। महिला ने पुलिस को शादी का कार्ड, फोटो और पासपोर्ट संबंधी दस्तावेज भी सौंपे हैं।

बिजनेस के नाम पर ऐंठे 57.50 लाख रुपये

महिला का आरोप है कि शादी के बाद पति हर दो महीने में उससे मिलने थाईलैंड जाता था। इस दौरान उसने बिजनेस बढ़ाने के नाम पर कई बार में 2 मिलियन थाई मुद्रा (भारतीय रुपये में करीब 57.50 लाख रुपये) ले लिए।

जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे और साथ रहने की बात कही, तो उसने टालमटोल शुरू कर दी।

'इस्लाम कबूल करो और बुर्का पहनो', मना करने पर छोड़ा

महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने साथ रहने का दबाव बनाया, तो आरोपी पति ने कहा— "अगर मेरे साथ रहना है, तो तुम्हें इस्लाम कबूल करना होगा और बुर्का पहनना होगा।"

जब महिला ने धर्म परिवर्तन करने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी वर्ष 2025 में भारत लौट आया और उसका फोन उठाना बंद कर दिया। परेशान होकर महिला सोमवार को कानपुर पहुंची।

कानपुर आकर खुला आरोपी का काला सच

जब पीड़ित महिला लाटूश रोड स्थित आरोपी के घर पहुंची, तो वहां उसके होश उड़ गए। महिला को पहली बार पता चला कि उसका पति पहले से ही शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं। इसके बाद महिला अपने अधिवक्ता के साथ एडीसीपी ईस्ट शिवा सिंह के कार्यालय पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच और कार्रवाई

कानपुर के एडीसीपी ईस्ट शिवा सिंह ने बताया कि थाईलैंड की महिला ने वित्तीय ठगी और जबरन धर्म परिवर्तन के दबाव की शिकायत की है। मामले की विधिक जांच एसीपी अनवरगंज को सौंपी गई है। आरोपी के पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है और प्राप्त तहरीर के आधार पर सख्त धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा रही है।