संवेदनहीनता : शादी के लिए दूल्हा घोड़ी पर हुआ सवार और बिजलीकर्मियों ने काट दी घर की लाइन
खुशियों का था माहौल, घर में छाया अंधेरा, बैंड बाजे की धुन पर लोग नाच रहे थे
कालोनी के केयरटेकर की शिकायत पर कर्मचारियों ने काट दी बिजली
बिजनौर। यूपी के बिजनौर जिले में विद्युत विभाग की संवेदनहीनता पर लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है। यहां दूल्हे की घुड़चढ़ी के दौरान विभाग के लोगों ने उसके घर की बिजली काट दी। घर में अंधेरा छा गया और परिवार को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। विभागीय कर्मचारियों के खम्भे पर चढ़कर बिजली काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। अब लोग बिजली विभाग की संवेदनहीता और किसी के सम्मान से खिलवाड़ करने का आरोप लगा रहे हैं। इसके साथ ही उर्जा मंत्री और यूपी सरकार पर निशाना साधा जा रहा है।
यह मामला बिजौनौर के नूरपुर का है। बताते हैं कि कॉलोनी के केयर टेकर की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। बताते हैं कि मुरादाबाद हाईवे पर निर्माणाधीन डायमंड कालोनी में शुभम कुमार ने कुछ दिन पूर्व अपने आवास पर विद्युत कनेक्शन लिया था। गुरुवार की देर शाम शुभम की घुड़चढ़ी की तैयारी चल रही थी। बैंड बाजे के साथ परिवार के लोग नाचने-गाने में व्यस्त थे। खुशी का माहौल था। लेकिन शुभम जैसे ही घर से निकलकर घोड़ी पर सवार हुए तभी पहुंचे विद्युत विभाग के संविदाकर्मियों ने उनके घर की बिजली गुल कर दी।
परिवार और आसपास के लोग यह देखते रह गये। बिजलीकर्मियों ने बाकायदा देखा कि शादी के लिए दूल्हा रवाना होने जा रहा है, इसके बावजूद उन्होंने संवेदनहीनता दिखाई। कर्मचारियों ने बताया कि कॉलोनी के केयर टेकर विचित्र कुमार ने अधिशासी अभियंता को पत्र देकर बिना अनुमति विद्युत कनेक्शन जारी कर दिए जाने की शिकायत की थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शुभम के आवास का कनेक्शन काट दिया गया।