अवैध सम्बंध के शक में पति ने पत्नी को गला दबाकर मार डाला और खुद फांसी पर लटक कर दे दी जान
पश्चिमी यूपी के उन्नाव में अवैध संबंध के शक में तबाह हो गया परिवार
जिस पर था शक उसी से वीडियो काल पर बात करते देख लिया था संजय
उन्नाव। पश्चिमी यूपी के उन्नाव में अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी वंदना (38) की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी और खुद फांसी के फंदे पर लटक गया। घटना से पहले पति संजय (42) ने पत्नी को वीडियो कॉल पर दूसरे युवक से बात करते देख लिया था। उस युवक पर उसे पहले से शक था। इसके बाद उसने पत्नी को पीटा, फिर गला दबाकर हत्या कर दी और खुद भी जान दे दी। घटना की जानकारी के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। चर्चा है कि पत्नी उस युवक से अवैध सम्बंध थे। पति की गैर मौजूदगी में वह आए दिन घर आता था। यह बात परिवार के लोगों को भी पता हो गई थी। पति उसके अवैध सम्बंध को लेकर इससे बेहद नाराज रहता था। इसको लेकर दम्पती में विवाद भी होता था।
जानकारी के अनुसार बांगरमऊ के नौनिहालगंज का रहनेवाला संजय ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। दो मासूम बच्चे हर्ष व खुशी हैं। संजय की मां सियादुलारी पड़ोस के मकान में रहती हैं। मां सियादुलारी ने पुलिस को बताया कि वंदना के दूसरे युवक से संबंध थे। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। आए दिन घर में झगड़ा होता था। मंगलवार रात वंदना वीडियो कॉल पर प्रेमी से बात कर रही थी। इसी दौरान संजय घर पहुंच गया और उसने उसी युवक से बात करते देख लिया जिस पर उसे पहले से शक था। पत्नी को बात करता देख बौखला गया। फिर विवाद के बाद संजय ने पत्नी की जमकर पिटाई कर दी।
इसके बाद बुधवार की सुबह सात बजे गला दबाकर वंदना की हत्या कर दी। पत्नी की हत्या के बाद संजय ने घर के कमरे में फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी के बाद आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मां सियादुलारी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बच्चों ने भी बताया कि उनकी मां किसी से वीडियो कॉल पर बात करती थी। इस पर पापा नाराज हो जाते और झगड़ा करते थे।