पति ने बेहरहमी से हत्या कर कमरे में ही दफना दी पत्नी की लाश, उसी में रहता रहा, 11 दिन बाद मिली नग्न लाश
जरवलरोड के अहाता नरपतपुरवा गांव में हुई सनसनीखेज वारदात
पुलिस के पहुंचने से पहले ही पति घर छोड़ भागा, मायकेवालों को संदेह हुआ तो हो सका घटना का खुलासा
बहराइच। बहराइच में पत्नी के चरित्र पर संदेह के कारण शराबी पति हरिकिशन ने पत्नी फूला देवी (45) की बेरहमी से हत्या कर दी और उसकी लाश घर में ही चारपाई के नीचे दफन कर किया। इसके बाद उसी कमरे में रहता भी था। मायकेवालों को संदेह हुआ तो उन्होंने पूछताछ की और घर का मुआयना किया। सूचना पर पुलिस पहुंची और जमीन की खोदाई कराई गई तो पत्नी की नग्न लाश देख लोग सन्न रह गये। घटना के 11 दिन के बाद इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ। लाश की बरामदगी से पहले ही पति हरिकिशन घर छोड़ फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने के प्रयास आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह घटना जरवलरोड के अहाता नरपतपुरवा गांव की है। जानकारी के अनुसार अहाता गांव के रामधीरज ने बहन फूला देवी की शादी 25 साल पहले गांव के ही हरिकिशन के साथ हुई थी। इसके बाद से सबुकुछ ठीक चल रहा थ। इनके छह बच्चे हुए और दो बेटियों की शादी हो गयी और एक बेटा लखनऊ में मजदूरी करता है। तीन बच्चे छोटे हैं। इस दौरान हरिकिशन शराब का आदी हो गया। शराब का विरोध करने पर पत्नी से मारपीट करने लगा। वह पूरे दिन नशे की हालत में रहता था। दम्पती में विवाद इतना बढ़ गया कि दो छोटे बच्चे ननिहाल रहने लगे। हरिकिशन की आदत और उसकी हरकतों की जानकारी फूला के मायकेवालों को भी थी। इसी दौरान 6 अक्टूबर को फूला देवी अचानक घर से गायब हो गई। दो दिन तक फूला नही दिखी तो भाई रामधीरज ने हरिकिशन से पूछा। लेकिन वह टालमटोल करता रहा। बताया कि कहीं चली गई हैं।
इस दौरान माकके वालों ने दस दिन तक फूला की खोज की और हरिकिशन सही जवाब नही दे रहा था। इस पर मायके वालों का संदेह और गहरा गया। परिजनों ने जरवलरोड थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। काफी दबाव देकर पूछताछ करने पर भी हरिकिशन कोई जवाब नही दे रहा था। इसके बाद रामधीरज की भाभी विमला कमरे में गई। देखा कि चारपाई के नीचे मिट्टी का नया लेपन हुआ है। जमीन पर दरारें भी हैं। तब पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस आते ही हरिकिशन भाग निकला। पुलिस ने जमीन की खोदाई करवाई। कई फुट नीचे फूला की नग्न लाश मिली। शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे। लाश की हालत देख पुलिस ने आशंका जताई कि बेहरहमी से पिटाई के बाद फूला की हत्या कर शव को दफनाया गया था। लाश दफन करने के बाद हरिकिशन उसी घर में रहता था। कभी-कभार मजदूरी करता और शराब पीता रहा। हरिकिशन का ससुराल यानी फूला का मायका एक ही गांव में है, इसलिए यह भेद खुल सका। आसपास के लोगों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि अवैध सम्बंध के संदेह में उसने पत्नी की हत्या की थी।