पति और बेटी पास में सोये रहे और घर में महिला शिक्षा मित्र की गोली मारकर हो गई हत्या
दो गोलियां मारी गई, पति ने दर्ज कराई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट
पुलिस को पति की कहानी पर शक, मामले की छानबीन में जुटी टीम
उन्नाव। उन्नाव जिले के असोहा क्षेत्र में मंगलवार की देर रात शिक्षामित्र श्रीकांति (38) की घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पति ओमकार पासी ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच के लिए चार टीमें गठित की हैं। हालांकि घर के अंदर हुई इस घटना में पुलिस पति के बयानों पर संदेह कर रही है। घर में ही हत्या और वह भी गोली मारकर, किसी को पता नही चला, यह बात पुलिस को पच नही रही है। श्रीकांति के गर्दन से दाहिनी ओर सटाकर गोली मारी गई जो सिर के बीच से निकल गई और दूसरी गोली गोली फेफड़े को चीरते हुए लिवर में फंसी मिली। खास यह कि पति ने हत्या के अलावा तीन लाख रूपये बदमाशों के ले जाने की कहानी सुनाई। यह बात गलत निकली। पुलिस का कहना है कि जल्द खुलासा हो जायेगा।
जानकारी के अनुसार असोहा क्षेत्र के गोकुलपुर गांव में मंगलवार रात डेढ़ बजे चारपाई पर लेटी महिला शिक्षामित्र की गले में असलहा सटाकर दो गोली मारी गई है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। हत्यारे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। गोकुलपुर गांव निवासी ओमकार पासी की पत्नी श्रीकांति गांव के प्राथमिक विद्यालय में 14 साल से कार्यरत थी। ओमकार गांव में ही रहकर किसानी करता है। इनके एक बेटा रौनक (15) और बेटी रिया (13) है। बेटा रौनक अचलगंज के कोरारी कला में मामा के घर रहकर पढ़ाई करता है। बताते हैं कि श्रीकांति रोज की तरह 27 जनवरी को स्कूल गई और छुट्टी के बाद घर पहुंचकर बेटी रिया व पति के लिए खाना बनाया। मकान कच्चा है और रात में सभी खाना खाकर एक कमरे में सो गये। रात डेढ़ बजे फायरिंग की दो आवाजें आईं। गोली चलने की आवाज सुनकर पति ओमकार और बेटी रिया की नींद खुली तो श्रीकांति का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा था। पति ने डायल 112 नंबर को सूचना दी। सूचना पर एसओ असोहा सहयोगियों के साथ पहुंचे। कुछ देर बाद एसपी जयप्रकाश सिंह, एएसपी अखिलेश सिंह, सीओ पुरवा तेज बहादुर सिंह और अन्य अधिकारी भी पहुंच गये।
बताया जाता है कि किसानी करनेवाला पति काफी पैसे खर्च करता था। इस बात को लेकर दम्पती में अक्सर विवाद होता था। मंगलवार की रात भी दोनों में विवाद हुआ था।
पति ओमकार पासी ने पुलिस को बताया कि श्रीकांति के साथ चारपाई पर उसकी बेटी सोई थी। उसके चार भाई हैं और सभी बगल में ही रहते है। लेकिन एक ही तार से सबके घर की बिजली जलती है। घटना से पहले लाईन काट दी गई और घरों में अंधेरा छा गया। हत्या के बाद अंधेरे का लाभ उठाकर हत्यारे फरार हो गये। लेकिन इस घटना में पति की कहानी पुलिस के गले के नीचे नही उतर रही है। क्योंकि दो गोलियां चली, हत्या के बाद हत्यारे फरार भी हो गये और किसी ने देखा तक नही? लेकिन पति ने यह भी कहाकि घर से बदमाश तीन लाख रूपये भी ले गये हैं। पति ने बताया कि उसने एक सप्ताह पहले गांव की जमीन बेची थी। बयाना के तीन लाख रुपये उसे मिले थे। रुपये पत्नी के पास ही रखे थे। उधर, पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घर की जांच की तो बक्से के पीछे 315 बोर के छह कारतूस मिले। एक खोखा छत पर मिला, लेकिन घर का दरवाजा अंदर से बंद था। जबकि मुख्य मुख्य दरवाजे के अलावा घर में दाखिल होने का कोई दूसरा रास्ता भी नहीं है। पत्नी के बगल की चारपाई पर ही पति सोया था। फिर उसे गोली की आवाज नही सुनाई दी। पति की कहानी में एक झोल यह आ गया कि उसने जो तीन लाख रूपये ले जाने की बात कही वह गलत निकली।