{"vars":{"id": "125128:4947"}}

भीषण सड़क हादसा: शादी से लौट रही 'मुस्कान ऑर्केस्ट्रा' की टीम की गाड़ी पलटी, 3 डांसरों की मौत; 2 की हालत नाजुक

छपरा में शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा; नरही के 'मुस्कान ऑर्केस्ट्रा' से जुड़ी थीं कलाकार।

 

बलिया बलिया जिले के नरही क्षेत्र से संचालित होने वाले 'मुस्कान ऑर्केस्ट्रा' की टीम के साथ एक बड़ा हादसा हो गया है। बिहार के छपरा स्थित भगवान बाजार में एक शादी समारोह में अपनी प्रस्तुति देकर वापस लौट रही टीम की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में टीम की तीन महिला डांसरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।

शादी से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, मुस्कान ऑर्केस्ट्रा की टीम छपरा के भगवान बाजार में एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद टीम वापस बलिया लौट रही थी। गाड़ी में पांच डांसर सवार थीं। रास्ते में अचानक वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

तीन की मौत, दो अस्पताल में भर्ती

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने बताया कि टीम की तीन डांसरों की इस दुर्घटना में मौत हो गई है। वहीं, दो अन्य घायल डांसरों को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ऑर्केस्ट्रा टीम के अन्य सदस्यों और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से ही नरही क्षेत्र में शोक की लहर है।