{"vars":{"id": "125128:4947"}}

ब्लैकमेलिंग कर रहा था दोस्त, हाईस्कूल के छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर दे दी जान

कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस को मिला छात्र का सुसाइड नोट

 

रात में घर से निकला था कोचिंग जाने के लिए, पहुंच गया रेलवे लाइन के पास

कानपुर। कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकले हाईस्कूल के नाबालिग छात्र ने पनकी थानाक्षेत्र में बुधवार की रात ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। गुरूवार को घटना की जानकारी के बाद पुलिस और परिवारवाले पहुंचे। किशोर समीर सैनी के पास से सुसाइड नोट मिला है। उसमें उसने अपने ही क्षेत्र के नाबालिग पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। पत्र में लिखा कि मैं समीर सैनी हूं। मुझे मेरी गली का एक लड़का ब्लैकमेल कर रहा है। मैं मरने जा रहा हूं। इसको कड़ी से कड़ी सजा मिले। उस लड़की की कोई गलती नहीं है। पूरी गलती मोहल्ले के लड़के की है। समीर सैनी काकादेव के शास्त्री नगर निवासी अनिकेत उर्फ समीर सैनी (17) की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। 

पिता अनिल सैनी दादा नगर फैक्टरी में काम करते है। परिवार में पत्नी अनीता, बेटी गुनगुन और बेटा अनिकेत था। अनिकेत विजयनगर स्थित एक प्राइवेट स्कूल में हाईस्कूल का छात्र था। वह अपने ही क्षेत्र के एक अध्यापक से कोचिंग पढ़ता था। रोज की तरह वह बुधवार की रात नौ बजे वह घर से कोचिंग पढ़ने निकला। अनिकेत के कोचिंग ना पहुंचने पर टीचर ने इसकी जानकारी परिजनों को दी तो उनके होश उड़ गये। इसके बाद परिजन उसकी तलाश करने लगे। इसी दौरान परिजनों को उसकी बहन के आईपैड के कवर में सुसाइड नोट मिला। लिखा था कि इलाके में रहने वाला एक नाबालिग छात्र उसे ब्लैकमेल कर रहा है। इससे परेशान होकर वह आत्महत्या करने जा रहा है। यह देख आनन फानन परिजनों ने घटना की जानकारी काकादेव पुलिस को दी।

इसके बाद पुलिस और परिवार के लोग छात्र की तलाश में जुट गए। रातभर परिजन छात्र को ढूंढते रहे लेकिन उसका कुछ नहीं पता चला। गुरुवार सुबह परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो उन्हें जानकारी हुई की छात्र ने पनकी में ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि स्कूल में जनवरी माह में कार्यक्रम हुआ था। वहां छात्र ने एक छात्रा के साथ फोटो खींचकर सोशल मीडिया में पोस्ट की थी। इस फोटो को नाबालिग छात्र फोटो में मौजूद छात्रा के परिजनों को दिखाने की बात कहकर धमकी देता था और उसे परेशान कर रहा था। इस कारण उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।