{"vars":{"id": "125128:4947"}}

गोरखपुर : पीपीगंज में हत्या कर फेंकी गई लाश मुम्बई की प्रिया की थी, प्रेमी और उसकी पत्नी ने उतारा था मौत के घाट

शादीशुदा था विजय, मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते समय प्रिया को धोखे में रखकर बना लिया प्रेम सम्बंध

 


लिव इन में रहने लगा था साथ, प्रिया शादी की जिद करने लगी तो भाग आया गोरखपुर

प्रिया खोजते हुए आ गई पीपीगंज तो शादीशुदा होने का चल गया पता

गोरखपुर। गोरखपुर के पीपीगंज में पिछले शुक्रवार को मिली युवती की लाश की पहचान हो गई है। वह मुंबई की रहनेवाली प्रिया थी और उसकी हत्या उसके शादीशुदा प्रेमी विजय ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर की थी। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से घटना का खुलास हुआ। पुलिस ने दत्पती को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि प्रिया का विजय से प्रेम सम्बंध था। पहले उसे पता नही था कि विजय शादीशुदा है। लेकिन बाद में पता चला तो उसने उससे शादी की जिद कर ली। इसके बाद ज्योति को रास्ते से हटाने के लिए विजय और उसकी पत्नी ने खतनाक प्लान बनाया और उसे मौत के घाट उतार दिया। इस मामले में पुलिस ने विजय, उसकी पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। 

जानकारी के अनुसार सहजनवां थाना क्षेत्र के मारड़ पाली गांव का निवासी विजय मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता था। वहां उसकी मुलाकात प्रिया से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गये और फिर दोनों लिव इन में भी रहने लगे। प्रिया जब शादी करने और घर ले चलने का दबाव बनाने लगी तब विजय उसे छोड़कर मुंबई से भाग आया। यहां आने पर कुछ दिन तक बातचीत करता रहा। प्रेमी को पीछा छुड़ाता देख प्रिया उसकी तलाश में पीपीगंज पहुंच गई। यहां आने पर उसे पता चला कि विजय शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। लेकिन प्रिया उसकी दूसरी पत्नी बनने को तैयार हो गई। लेकिन उसकी पहली पत्नी संध्या को यह मंजूर नहीं था। विजय और उसकी पत्नी में कलह होने लगा। इसके बाद इन दोनों ने प्रिया की हत्या की साजिश रची। विजय मुम्बई से आई प्रिया को ससुराल ले गया और वहां उसे खूब शराब पिलाई। फिर अपने साले के साथ स्कूटी पर उसे ले जाकर गला दबाया और चेहरे को ईंट से कूंच दिया।

शव को निर्वस्त्र कर पीपीगंज थाना क्षेत्र के गोबरहिया नाले के पुल के नीचे झाड़ियों में फेंक दिया। हत्यारों ने प्रिया के कपड़े इसलिए उतार लिये थे कि कहीं उन कपड़ों से उसकी पहचान न हो जाय। चेहरा कूंचकर तो उन्होंने विभत्स कर दिया था। इसके बाद दोनों वहां से भाग निकले। शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। जांच के दौरान पीपीगंज कस्बे में इलाहाबाद बैंक के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में नीली स्कूटी पर दो संदिग्ध दिखाई दिये। जब और गहराई से जांच हुई तो इसी स्कूटी पर रात 11.24 में तीन लोग जाते दिखे और लौटते समय दो। यानी तीसरी सवारी प्रिया थी जिसकी हत्या कर फेंकने के बाद दोनों लौटे थे। पुलिस ने युवती प्रिया के परिजनों को सूचना देकर बुलाया और उनके आने के बाद शव को पोस्टमार्टम कराया।

जांच में यह भी पता चला कि हत्यारोपित विजय ने प्रिया को गांव में न रखकर पीपीगंज में किराए के एक मकान में ठहराया था। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए विजय ने रेलवे में तैनात अपने श्वसुर की स्कूटी का इस्तेमाल किया। लौटते समय प्रिया के कपड़े नदी किनारे फेंक दिए थे। जांच आगे बढ़ती गई और नये-नये खुलासे होते गये। पता चला कि प्रिया की हत्या में पति और साले के अलावा उसकी पत्नी और साली भी शामिल थी। पुलिस ने विजय की पत्नी संध्या और उसकी साली को भी हिरासत में लिया है। उसकी साली का पीपीगंज में ब्यूटी पार्लर है। विजय की शादी 10 साल पहले पीपीगंज सपहिया निवासी संध्या से हुई थी। उसकी आठ साल की बेटी और दो साल का बेटा है।