{"vars":{"id": "125128:4947"}}

हादसा : तेज रफ्तार ओमनी वैन पेड़ से टकराई, गाजीपुर के दो व्यापारियों की मौत, एक की हालत गंभीर

आजमगढ़ के जहानागंज बाजार के पास सुबह हुआ भीषण हादसा, वैन के परखचे उड़े 

 

खलीलाबाद से कंबल लेकर घर वापस लौट रहे थे तीनों, रफ्तार ने ले ली जान

आजमगढ़। आजमगढ़-गाजीपुर रोड पर नगर पंचायत जहानागंज बाजार क्षेत्र के भुजही मोड़ से आगे रविवार सुबह 6.30 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां गाजीपुर से आजमगढ़ की ओर आ रही मारुति ओमनी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि वाहन के परखचे उड़ गए।

ओमनी में तीन लोग सवार थे। मृतकों की पहचान गाजीपुर जिले के जखनिया क्षेत्र के सेमऊर गांव के शशि सिंह (40), दुल्लहपुर के तौफीक (25) के रूप में हुई। सेमऊर गांव के शशि सिंह जखनियां बाजार में गारमेंट्स की और तौफीक दुल्लहपुर में कपड़ा व जूता-चप्पल की दुकान के संचालक थे। हादसे में दुल्लहपुर निवासी वाहन चालक बुलेट (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही थाना जहानागंज पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने से हुआ लगता है। परिजनों के मुताबिक तीनों खलीलाबाद से कंबल लेकर वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। मृतक शशि सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी सुषमा सिंह और एक पुत्र हर्ष सिंह है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सुषमा सिंह रह-रहकर बेहोश हो जा रही थीं।