{"vars":{"id": "125128:4947"}}

जौनपुर में करा रहे थे मतांतरण, महिला समेत पांच गिरफ्तार

उड़ीसा के दम्पती देते थे लोगों को प्रलोभन

 

शिकायत पर पुलिस ने दबिश देकर की कार्रवाई

जौनपुर। जौनपुर जिले के लाइन बाजार पुलिस ने मतांतरण कराने के आरोप में एक महिला समेत पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से दो बाइबिल, 86 पम्फलेट और छह होली क्रास बरामद किए हैं। 

लाइन बाजार पुलिस को सूचना मिली थी कि कुद्दुपुर क्षेत्र में मुन्ना चौहान के घर पर मतांतरण का कार्य किया जा रहा है। गरीब वर्ग के लोगों को प्रलोभन देकर उन्हें इसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा है। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया। पकडे़ गये लोगों में उड़ीसा के गड़राह निवासी विद्युत, उसकी पत्नी सुशीला, कंधरपुर के अरुण और पीली कोठी निवासी अमित कुमार हैं।

इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। जांच में पता चला कि कुछ और लोग मतांतरण कराने में शामिल थे। उनकी भी तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि यदि इस तरह की कही कोई सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को दें।