{"vars":{"id": "125128:4947"}}

घर में पड़ी थी पिता की लाश, बेटों का हो रहा था इंतजार लेकिन पहुंची  मौत की खबर

पिता की मौत की खबर पाकर बाइक से निकले एक भाई की मौत दूसरे की हालत गंभीर

 

मेरठ के सरधना क्षेत्र में गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर हुआ हादसा 

मेरठ। हार्ट अटैक से पिता की मौत की खबर पाकर सगे भाई बाइक से ही जयपुर से मुजफ्फरनगर चल दिये। मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र में गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर ट्रक की टक्कर से एक भाई की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। एक तरफ पिता की लाश पड़ी थी और दूसरी ओर एक बेटे की मौत और दूसरे के घायल होने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। 

मुजफ्फरनगर शहर के मोहल्ला सरवट निवासी शेएब (27) अपने बड़े भाई शाहवेज के साथ बाइक से घर लौट रहा था। दोनों राजस्थान के जयपुर में सोफा बनाने का काम करते थे। मंगलवार को पिता मोहम्मद हनीफ की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर दोनों बाइक लेकर मुजफ्फरनगर के लिए निकल पड़े। गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक बाइक में जोरदार टक्कर मारते निकल गई। इस हादसे में शोएब की मौके पर मौत हो गई और बड़ा भाई शाहवेज गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक शोएब ही चला रहा था।

सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों को अस्पताल ले गई। यहां चिकित्सक ने शोएब को मृत घोषित कर दिया। जबकि शाहवेज को भर्ती कराया गया है। उधर, घर में पिता की लाश पड़ी थी और परिवार के लोग दोनों भाइयों के घर आने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन शोएब के मौत और शाहवेज के मौत की खबर पहुंची। आनन-फानन में परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। दुर्घटना के वक्त दोनों भाई हेलमेट लगाए थे। दुर्घटना मंगलवार की रात 12 बजे हुई। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के जरिए मौके से भागे ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस ने शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर मुकदमा दर्ज कराया है। घर में शोएब की पत्नी नाजरीन का हाल बेहाल है।