इंजीनियर से यू-ट्यूबर बना हार्दिक बना नरपिशाच, सगी बहन की हत्या के बाद मां पर किया जानलेवा हमला
पुलिस की गिरफ्त में आने पर सुनायी प्रेमिका से ब्रेकअप की कहानी, कहा डिप्रेशन में आ गया था
घायल मां ने कहा- ऐसी औलाद जिसके लिए सबकुछ किया उससे सपने में ऐसी उम्मीद नही थी
मुरादाबाद। मुरादाबाद के इंजीनियर से यू-ट्यूबर बने हार्दिक की दरिंदगी की कहानी अब सामने आ गई है। इस नरपिशाच ने शुक्रवार को सगी बहन हिमशिखा की हत्या की और उसकी लाश को कमरे में लटका दिया। फिर मां के आफिस पहुंचा और सरप्राइज देने के बहाने घर ले आया। जब मां ने बेटी की लटकती लाश देखी और वह चीखने लगी तो इस नालायक औलाद ने मां पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अब मां नीलिमा कह रही हैं कि ऐसी औलाद जिसके लिए मैने सबकुछ किया उससे यह उम्मीद तो सपने में नही थी। जब यह क्रूर मानसिकता का हार्दिक पुलिस की गिरफ्त में आया तो बयान दिया कि उसकी प्रेमिका से ब्रेकअप होने से उसका संतुलन बिगड़ गया और उसने ऐसी हरकत कर दी। लेकिन सवाल यह है कि प्रेमिका से ब्रेकअप होने पर बहन की इस तरह से हत्या और जन्म देनेवाली मां पर जानलेवा हमला कोई कर सकता है? इस आधुनिक समाज के मनबढ़ दिमाग के युवक की क्रूरता और रिश्तों की कत्ल करने की वारदात को तथाकथित मीडिया ने उसके बयान के आधार पर रिपोर्ट कर दिया कि हार्दिक का व्यवहार युवती से रिश्ता टूटने के बाद बदल गया था। लेकिन यह घटना उसके नरपिशाच होने और सेल्फ लाइफ जीनेवाली औलादों का सबूत है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे का वक्त था। हार्दिक अपनी मम्मी नीलिमा के दिल्ली रोड स्थित दफ्तर पहुंचा और कहा कि मम्मी घर चलिए आपको सरप्राइज देना है। बेटे के चेहरे पर मुस्कान और खुशी देखकर नीलिमा कुछ समझ नहीं सकीं। उन्हें लगा बेटा- बेटी लंबे समय के बाद घर आए हैं। शायद दोनों भाई बहन ने कोई प्लान बनाया होगा। वह बेटे के साथ कार में बैठकर चली गईं। लेकिन जब घर पहुंची और बेटी की कंबल से लिपटी लाश देखी तो सन्न रह गईं। कमरे के दरवाजे पर कंबल से बहन हिमशिखा का शव लिपटा हुआ था। मां ने देखा तो चीख निकल गई। तभी बेटे हार्दिक ने मां पर ही चाकू से हमला कर दिया। किसी तरह उनकी जान बच पाई। जिला अस्पताल में भर्ती नीलिमा यह बताते हुए फफड़ पड़ीं। बोलीं कभी सपने में नहीं सोचा था कि जिसे पालने के लिए अपने सपने भी पूरी नहीं किए वह बेटा ही हैवान बन जाएगा। पति ने साथ छोड़ा तो मैं कभी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटी। नौकरी की और बेटी बेटे को अच्छी शिक्षा दिलाई और दोनों भाई बहन बहुत अच्छे से रहते थे। दोनों एक दूसरे का ख्याल और सम्मान करते थे। लेकिन सात माह में अचानक हार्दिक के व्यवहार में बदलाव आ गया। वह किसी लड़की से प्रेम करता था लेकिन उससे ब्रेकअप हो गया। वह बात-बात में अपनी बहन पर हमलावर हो जाता था। उसके व्यवहार में बदलाव को हमें महसूस हो रहा था लेकिन यह कभी नहीं लगा कि वह हमारी हत्या भी कर सकता है।
उन्होंने बताया कि निजी बीमा कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर मां नीलिमा शुक्रवार की सुबह ड्यूटी गई थीं। शाम को भाई-बहन को गुरुग्राम जाना था। लेकिन इससे पहले बेटा उनके कार्यालय पहुंचा और वह सरप्राइज देने की बात कहकर ले आया। मां ने बताया कि बेटे की एक गलती ने पूरा परिवार तबाह कर दिया। बेटी दुनिया में नहीं रही और बेटा जेल चला गया। मैं अस्पताल में भर्ती हूं। बहन की हत्या और मां पर जान लेवा हमला करने वाले इंजीनियर यूट्यूबर हार्दिक ने इंस्टाग्राम पर द हार्दिक सिंह नाम से अपनी आईडी बना रखी है और उसके 13 हजार से अधिक फॉलोअर हैं। जांच में पता चला कि उसने कुछ दिन पहले वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में वह बोल रहा है कि इंसान को गुलामी नहीं आजाद जिंदगी जीना चाहिए। उसने अपनी बहन के साथ भी वीडियो बनाए और उन्हें पोस्ट किया। इस वीडियो में बोल रहा है कि बीस साल के बाद परिवार को अपने बच्चों को आजाद देना चाहिए। उन्हें उसकी पसंद के दोस्त, शिक्षा और नौकरी करने का मौका देना चाहिए। लेकिन उसकी यह हरकत और करतूत बता रही हैं कि वह बहुत स्वार्थी था। हिमशिखा (25) बुद्धि विहार में इंजीनियर हार्दिक की जुड़वां बहन थी और उसका खयाल रखनेवाली बहन की चाकू से गोदकर उसने हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ में बताया कि उसकी बहन और मां नहीं चाहती थीं कि वह अपनी प्रेमिका से शादी करे। बहन आए दिन इस बात को लेकर बहस करती थी। शुक्रवार को भी वह उससे बहस कर रही थी। इस पर उसे गुस्सा आ गया और हत्या कर दी। हार्दिक ने बताया कि बहन की हत्या करने के बाद वह दिल्ली रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचा और वहां कार खड़ी करके भाग गया था।
एसपी सिटी ने बताया कि बदायूं के जोगीपुरा निवासी नीलिमा अपने पति के साथ 1990 में मुरादाबाद आकर बस गई थीं। एक साल से वह बुद्धि विहार सेक्टर दो में गणेश पार्क के सामने किराये के मकान में रह रहीं थीं। उनके जुड़वां बेटे और बेटी हरियाणा के गुरुग्राम में रह रहे थे। टी हिमशिखा आईटी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थी और एमबीए कर रही थी। बेटा हार्दिक पहले गूगल में नौकरी करता था और अब यूट्यूबर हो गया था। शुक्रवार की दोपहर हार्दिक ने चाकू से गोदकर अपनी बहन हिमशिखा की हत्या कर दी थी। इसके बाद वह अपनी मां नीलिमा को उनके ऑफिस से बुलाकर घर आया और उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। भीड़ इकट्ठा हो गई थी तो डर के मारे उसे भागना पड़ा। पुलिस पूछताछ में बताया कि वह प्रेमिका से ब्रेकअप के बाद डिप्रेशन में आ गया था। उसका इलाज भी चल रहा है। बताया कि इंस्टाग्राम के जरिए पुणे में रहने वाली दूसरे समुदाय की लड़की से प्रेम संबंध हो गया था। उससे वह शादी करना चाहता था, लेकिन मां और बहन तैयार नहीं थीं। इसकी वजह से सात माह पहले प्रेमिका से ब्रेकअप हो गया था। लेकिन अब भी सवाल वही है कि प्रेमिका से ब्रेकअप होने पर कोई बहन की हत्या और मां की जान लेने की कोशिश कर सकता है। महज डिप्रेशन बताकर बचने की कोशिश है, क्योंकि वह ऐसा व्यक्ति है जो अपने मतलब के लिए कुछ भी कर सकता है। ऐसे लोग समाज के लिए मान्य नही हो सकते।