{"vars":{"id": "125128:4947"}}

गाजीपुर में पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़: जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में लगी गोली

बिरनो थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पलिया हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग

 

गाजीपुर, भदैनी मिरर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। रविवार तड़के बिरनो थाना पुलिस और गो-तस्करों के बीच एक भीषण मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान खुद को घिरा देख शातिर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक गो-तस्कर के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो अन्य साथियों को घेराबंदी कर मौके से ही दबोच लिया गया।

हनुमान मंदिर के पास रोकने पर बदमाशों ने खोली गोली

क्षेत्राधिकारी (सीओ) कासिमाबाद अनुभव राजर्षि ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार तड़के बिरनो थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग व गश्त पर थी। इसी दौरान जरगो गांव से पलिया जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने पलिया हनुमान मंदिर के पास बैरिकेडिंग कर जब पिकअप को रुकने का इशारा किया, तो वाहन सवार तस्करों ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस पर सीधे गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

जवाबी कार्रवाई में सेराज खान घायल, दो साथी गिरफ्तार

बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने खुद को बचाते हुए आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। पुलिस की एक गोली मुख्य आरोपी के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान नोनहरा थाना क्षेत्र के नोनहरा गांव निवासी सेराज खान के रूप में हुई है, जिसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिरनो में भर्ती कराया गया। वहीं, मौके का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहे दो अन्य तस्करों को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों के नाम संतोष राजभर (निवासी करीमुद्दीनपुर) और दिल मोहन राठौर (निवासी गुलालसराय) हैं।

तमंचा, कारतूस और गो-तस्करी में प्रयुक्त पिकअप बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और गो-तस्करी के लिए इस्तेमाल की जाने वाली पिकअप गाड़ी बरामद की है।

गैंगस्टर और एनडीपीएस के पुराने अपराधी हैं तीनों सीओ अनुभव राजर्षि के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और चोरी समेत कई संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। इनमें से दो आरोपियों के खिलाफ पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है कि इनके तार और कहां-कहां जुड़े हैं।