अलीगढ़ में जश्ने ईद-मिलाद-उन-नबी के जुलूस में खतरनाक स्टंटबाजी: दो पहियों पर नचाते ही पलटा ट्रैक्टर
छर्रा कस्बे में जुलूस के दौरान ट्रैक्टर स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल; पलटने के बाद चालक ने कूदकर बचाई जान, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
भदैनी मिरर (क्राइम डेस्क): उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से खतरनाक स्टंटबाजी का एक रूह कंपा देने वाला वीडियो सामने आया है। जिले के छर्रा थाना क्षेत्र में मिलाद-उल-नबी के जुलूस के अवसर पर आयोजित स्टंटबाजी के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में चालक और आसपास मौजूद दर्जनों लोग बाल-बाल बच गए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीछे लगे थे बड़े लाउडस्पीकर, भीड़ के सामने दिखाया स्टंट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को छर्रा कस्बे में मिलाद-उल-नबी का जुलूस निकाला गया था, जहां खुले मैदान में ट्रैक्टरों के जरिए स्टंट दिखाने का दौर चल रहा था। इस दौरान धार्मिक झंडे हाथों में थामे लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी।
इसी बीच एक युवक अपने ट्रैक्टर के पीछे बड़े-बड़े लाउडस्पीकर बांधकर तेजी से गोल-गोल घुमाते हुए स्टंट करने लगा। जैसे ही चालक ने ट्रैक्टर को अगले दो पहियों पर उठाने का प्रयास किया, भारी लाउडस्पीकर के संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर सीधे जमीन पर पलट गया।
मची भगदड़, कूदकर बचाई जान
अचानक ट्रैक्टर को पलटते देख आसपास खड़े लोगों में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। चालक ने एन मौके पर छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। गनीमत यह रही कि ट्रैक्टर किसी दर्शक या पास खड़े व्यक्ति पर नहीं गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद भीड़ ने ट्रैक्टर को सीधा किया। चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।
स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस तरह के खुले आम जानलेवा आयोजन और स्टंटबाजी से स्थानीय पुलिस बेखबर रही। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल छर्रा थाना पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच और चालक की पहचान में जुट गई है।