{"vars":{"id": "125128:4947"}}

बुलंदशहर में बदमाशों ने खेली खून की होली, डेयरी कर्मचारी की गोली मारकर हत्या

होली पर्व पर चामुंडा मंदिर से दर्शन कर लौटते समय सिर में मारी गई गोली

 

होली की खुशियां मातम में बदलीं, परिवार में मच कोहराम

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में होली पर्व पर बदमाशों ने खून की होली खेली। कोतवाली क्षेत्र के ककोड़ मार्ग पर बुधवार की सुबह बदमाशों ने होली की पूजा कर घर लौट रहे डेयरी कर्मचारी अनिल (40) के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद हत्यारे फरार हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान बदमाशों के बारे में पुलिस को पता चल चुका है। वह सर्विलांस और मुखबिर के सहारे बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उधर, इस घटना के बाद होली पर्व की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। परिवार में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार सिकन्द्राबाद क्षेत्र के गांव जोली निवासी अनिल कस्बे की एक डेयरी में नौकरी करते थे। सुबह वह सिकंदराबाद स्थित चामुंडा मंदिर के पास होली पर्व पर पूजा करने के लिए गए थे। इसी बीच सुबह करीब नौ बजे परिवारवालों को अनिल को गोली मारे जाने की सूचना मिली। परिजन पहुंचे तो वहां अनिल लहूलुहान हालत में रास्ते में पड़े थे।

आनन-फानन में परिजन अनिल को सरकारी अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। होली के दिन हुई इस हत्या से परिवार और गांववालों में आक्रोश फैल गया। पुलिस जब पहुंची तो परिजनों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। अब पुलिस आरोपितों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।