{"vars":{"id": "125128:4947"}}

CM Yogi Adityanath 53rd Birthday: पीएम मोदी से लेकर मायावती तक, जन्मदिन पर सीएम योगी को कई दिग्गजों ने दी बधाई

 

CM Yogi Adityanath 53rd Birthday : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 53वें जन्मदिवस के मौके पर उन्हें देशभर से ढेरों शुभकामनाएं मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और यूपी सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारियों सहित तमाम लोगों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

सोशल मीडिया पर भी दिनभर #HinduHridaySamrat, #YogiAdityanath और #PopularCM जैसे हैशटैग ट्रेंड करते रहे। यूजर्स ने योगी आदित्यनाथ को देश का सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बताते हुए उन्हें अनुशासन, सेवा और विकास की मिसाल करार दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इन शुभकामनाओं के लिए सभी का धन्यवाद दिया और कहा कि उत्तर प्रदेश को निरंतर प्रगति की ओर ले जाने का उनका संकल्प अटल है।

पीएम मोदी ने दी जन्मदिन की बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा, "उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश के विकास के लिए अथक परिश्रम किया है। उनकी मेहनत से राज्य के लोगों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।"

​​

​​​​​मुख्यमंत्री योगी ने पीएम मोदी की शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री की मंगलमयी शुभकामनाएं मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। आपके यशस्वी मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।"

गृहमंत्री ने भी दी शुभकामनाएं

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में लिखा कि डबल इंजन सरकार की वजह से राज्य में विकास और जनकल्याण की योजनाएं हर जरूरतमंद तक पहुंच रही हैं। उन्होंने योगी जी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी ने हाल के वर्षों में तरक्की की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की।

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने भी योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा,"उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।"