{"vars":{"id": "125128:4947"}}

लम्बे समय से अनुपस्थित डाक्टरों को बुलाएं और नही आते हैं तो सेवा समाप्ति की कार्रवाई करें

बरेली विकास भवन में समीक्षा बैठक के दौरान मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी ने दी चेतावनी

 

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड समेत विभिन्न योजनाओं की हुई समीक्षा, दिये निर्देश

बरेली। विकास भवन सभागार में हुई बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी ने   कड़ा रूख अख्तियार किया। बैठक में पता चला कि कई डाक्टर लम्बे समय से अनुपस्थित चल रहे हैं। इस पर मंडलायुक्त ने चेतावनी भरे लहजे में कहाकि अनुपस्थित डाक्टरों को आने के लिए कहा जाय और इसके बाद भी यदि वह नही आते हैं तो उनकी सेवा समाप्त करें। उन्होंने अधिकारियों को इस मामले में कार्रवाई का निर्देश दिया।  

इसके साथ ही मंडलायुक्त ने अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान सभी जिलों को रैंकिंग बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहाकि सीएम डैश बोर्ड के विभिन्न मानकों पर सर्वाधिक डी बरेली को मिले है। इसमें सुधार लाएं। फार्मर रजिस्ट्री के अंतर्गत जिलों को स्टेट एवरेज से कम नहीं रहने को कहा। पीएम कुसुम योजना का कार्य बरेली में शत-प्रतिशत मिला। इसके अलावा उन्होंने तीनों जिलों को 28 फरवरी तक शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शुल्क प्रतिपूर्ति व पूर्व दशम/दशमोत्तर छात्रवृत्ति, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के बारे में अधिकारियों ने बताया कि बरेली के 14, बदायूं के 16, पीलीभीत के आठ और शाहजहांपुर के 25 सीएचसी का इंफ्रास्ट्रक्चर की दृष्टि से निरीक्षण कराया गया है।

यहां कुछ कमियां मिलीं जिन्हें पूरा करने का निर्देश दिया गया है। अनुपस्थित डाक्टरों की बारे में बताया गया कि बरेली में 20, बदायूं में नौ, पीलीभीत में नौ और शाहजहांपुर में पांच चिकित्सक लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे हैं। मंडलायुक्त ने कहाक उन डाक्टरों से संपर्क किया जाय और समाचार माध्यमों में इस सम्बंध में सूचनाएं प्रचारित कराई जांय। यदि चिकित्सक इसके बाद भी काम पर नही आते हैं तो उन्हें सेवामुक्त करने की कार्रवाई करें। इसके अलावा मंडलायुक्त ने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग समेत अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में डीएम बरेली अविनाश सिंह, डीएम बदायूं अवनीश राय, डीएम शाहजहांपुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह, सीडीओ बरेली, पीलीभीत व शाहजहांपुर, सीएमओ समेत मंडल स्तरीय अधिकारी रहे।