आगरा में यमुना पुल पर बोरे में बद महिला की लाश फेंक कर भागे हत्यारे
शरीर पर चोटों के निशान से हत्या का अंदेशा
राहगीरों ने देखा तो दी पुलिस को सूचना
हत्यारों की पहचान के लिए पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना के पुल पर बोरे में बंद युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवती के शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के जवाहर पुल पर शुक्रवार रात महिला का बोरे में बंद शव फेंक गया था और महिला के शरीर पर चोटों के निशान थे। पुलिस का मानना है कि हत्यारे शव को यमुना में फेंकने आये थे, लेकन किसी राहगीर के आने पर हत्यारा शव को पुल पर फेंक कर भाग निकले। पुलिस शव की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जवाहर पुल पर बोरे में सामान रखकर फेंकने की शिकायत मिली थी। इसके बाद पुलिस पहुंचीं। बोरे को खोलने पर महिला का शव मिला। महिला की उम्र लगभग 25 से 28 वर्ष है। शरीर पर चोटों के निशान से अंदेशा है कि उसकी हत्या के बाद शव को फेंका गया है। अब पुलिस हत्यारों की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को इस मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग गये हैं।