Bulandshahr Crime News: 12 लाख के बीमा और जमीन के लिए पति का कत्ल! प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने कीचड़ में घोंट दिया दम
यूपी के बुलंदशहर में मुकेश हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा; शराब पिलाकर प्रेमी और उसके साथी संग मिलकर वारदात को दिया अंजाम, आरोपी पत्नी अरेस्ट।
भदैनी मिरर क्राइम डेस्क: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के डिबाई क्षेत्र से पति-पत्नी के रिश्ते और विश्वास को तार-तार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 15 सितंबर को हुए मुकेश हत्याकांड का डिबाई कोतवाली पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चौंकाने वाला खुलासा किया है।
पति के नाम 12 लाख रुपये की बीमा राशि और बची हुई एक बीघा जमीन हड़पने के लालच में पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर मुकेश की निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार प्रेमी और उसके साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
गांव के बाहर कीचड़ में मिला था मुकेश का शव
मामला डिबाई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सतोहा का है। 15 सितंबर को सतोहा निवासी मुकेश पुत्र प्रेमपाल का शव ग्राम उदयपुर के पास गांव के बाहर कीचड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने न आने पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और सीडीआर (CDR) की जांच शुरू की। जांच की कड़ियां जब जुड़ती गईं तो पुलिस की सुई मृतक की पत्नी पूनम पर जाकर टिक गई। मृतक के भाई देवेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन तेज कर दी थी।
नर्सरी में काम के दौरान पनपा प्रेम प्रसंग
डिबाई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह चौहान के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पूनम पिछले तीन महीनों से दादरी स्थित एक नर्सरी में काम कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात वहां काम करने वाले करवेंद्र (निवासी ग्राम भटपुरा, थाना अहमदगढ़) से हुई।
देखते ही देखते दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। पूनम का पति मुकेश अत्यधिक शराब पीने का आदी था। मुकेश के हिस्से में आई 10 बीघा जमीन में से वह 9 बीघा जमीन पहले ही बेच चुका था और बची हुई 1 बीघा जमीन भी बेचने की फिराक में था।
शराब पिलाकर जंगल ले गए, कीचड़ में दबाया मुंह
पूनम को डर था कि उसका पति बची हुई जमीन भी बेच देगा। इसके बाद पूनम ने अपने प्रेमी करवेंद्र के साथ मिलकर मुकेश की हत्या और उसके नाम मौजूद 12 लाख रुपये की बीमा राशि तथा जमीन हासिल करने की साजिश रची:
-
वारदात की रात: 15 सितंबर को योजना के तहत प्रेमी करवेंद्र और उसके दोस्त ने मुकेश को जमकर शराब पिलाई और उसे गांव के बाहर सुनसान जंगल में ले गए।
-
निर्मम हत्या: वहां पूनम भी पहुंच गई। तीनों ने मिलकर मुकेश का मुंह कीचड़ में दबाकर उसका दम घोंट दिया और शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
अस्पताल से हुई गिरफ्तारी, प्रेमी की तलाश जारी
डिबाई पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर आरोपी पत्नी पूनम को कस्बा डिबाई स्थित पीएस हॉस्पिटल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूनम के प्रेमी करवेंद्र और उसके सहयोगी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।