Budaun Road Accident: बदायूं में हाईवे पर रेस लगा रहे ट्रैक्टरों ने ई-रिक्शा को रौंदा, 6 महिलाओं की दर्दनाक मौत
उझानी-कछला हाईवे पर भूलपुर के पास हुआ भीषण हादसा, 'भात' मांगने जा रही थीं महिलाएं; हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार
बदायूं (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां दो ट्रैक्टर चालकों की जानलेवा लापरवाही और रफ्तार के शौक ने छह घरों के चिराग बुझा दिए। उझानी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार दोपहर कछला और उझानी के बीच हाईवे पर रेस लगा रहे दो तेज रफ्तार ट्रैक्टरों ने सवारियों से भरे एक ई-रिक्शा को बेरहमी से रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में छह महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी की रस्म 'भात' मांगने जा रहा था परिवार
इस भयानक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में चीख-पुकार में बदल दिया। कछला के मोहल्ला मुरावन नगला निवासी डाल सिंह के बेटे कुंवर पाल की शादी आगामी 29 जून को होनी तय हुई है। घर में उत्सव का माहौल था और परिवार की महिलाएं शादी की एक पारंपरिक रस्म 'भात' मांगने के लिए पास के ही गठोना गांव जा रही थीं। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर से चंद किलोमीटर दूर ही मौत उनका इंतजार कर रही है।
घायलों की हालत नाजुक, डीएम और एसएसपी पहुंचे मौके पर
हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। घायलों में ई-रिक्शा चालक सनी (32 वर्ष) और डाल सिंह (58 वर्ष) समेत तीन लोग शामिल हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने भी अस्पताल और घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
शोक संतप्त मृतकों के नाम:
इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान हो गई है, जिनमें से अधिकांश एक ही मोहल्ले की रहने वाली थीं:
-
राजकुमारी (55 वर्ष) - पत्नी डालसिंह, निवासी मुरावन नगला, कछला
-
गंगा श्री (32 वर्ष) - पत्नी वीरपाल, निवासी मुरावन नगला, कछला
-
रेवती (80 वर्ष) - पत्नी रामचंद्र, निवासी मुरावन नगला, कछला
-
प्रेम देवी (45 वर्ष) - पत्नी रामचंद्र सिंह, निवासी मुरावन नगला, कछला
-
नारायणी देवी (32 वर्ष) - पत्नी जितेंद्र, निवासी गुलाबगड़ी
-
एक अन्य महिला (जिसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं)
ट्रैक्टर छोड़कर भागे आरोपी चालक, पुलिस तलाश में जुटी
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाले दोनों ट्रैक्टरों को अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, हादसे के तुरंत बाद दोनों आरोपी चालक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।