हैवानियत : सौतेली मां ने पहले तीन साल की मासूम को सजाया, फिर देवस्थान पर कुल्हाड़ी से मारकर चढ़ा दी बलि
रात में पति बाहर फोन पर कर रहा था बात, तभी पूजा ने बेटी का सिर धड़ से कर दिया अलग
शोर मचाने पर भागने लगी नव विवाहिता, ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा और किया पुलिस के हवाले
मृत बच्ची की मां का हो गया था निधन, पिता ने 25 जनवरी को ही की थी दूसरी शादी
गोरखपुर। गोरखपुर में नई नवेली सौतेली मां ने तीन साल की मासूम बच्ची अदिति उर्फ लाडो को पहले सजाया और फिर घर के देवस्थान पर ले जाकर कुल्हाड़ी से काटकर उसकी बलि चढ़ा दी। दिल दहला देनेवाली यह सनसनीखेज वारदात पिपराइच थाना क्षेत्र के इमलिया उर्फ विजहरा गांव में मंगलवार की रात करीब 12 बजे हुई। मां ने कुल्हाड़ी से मारकर बच्ची का सिर धड़ से अलग कर दिया था। पति के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने सिर धड़ से अलग बच्ची का शव और कमरे में फैला खून देखा तो लोग आक्रोशित हो गये। शोर सुनकर नव विवाहिता जब भागने लगी तो ग्रामीणों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची तो हत्यारिन को उनके हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बच्ची के पिता त्रिवेणी मौर्य की पहली पत्नी की मौत हो गई थी। पहली पत्नी से उनकी तीन साल की बेटी अदिति थी। इसके बाद त्रिवेणी ने पिछले 25 जनवरी को पूजा से दूसरी शादी की थी। शादी के बाद जब वह घर आई तभी से पूजा सौतेली बच्ची से नफरत करती थी और उसे पति का बच्ची के प्रति अधिक लगाव पसंद नहीं था। इसे लेकर पूजा पति त्रिवेणी से अक्सर विवाद करती रही। मंगलवार रात करीब 12 बजे जब पति घर के बाहर फोन पर बात कर रहा था। तब महिला ने कमरे में सो रही बच्ची को उठाया। उसे सजाया और प्यार जताया। इसके बाद उसे देवस्थान पर ले गई और वही जमीन पर पटक कर कुल्हाड़ी से वार कर सिर धड़ से अलग कर दिया।
इधर, फोन पर बात कर रहे त्रिवेणी को अंदर हलचल हुई तो अनहोनी की आशंका से वह अंदर गया। देखा की उसकी लाडली बेटी की उसकी पत्नी ने बेरहमी से हत्या कर दी है। पति चीखने-चिल्लाने लगा तो आसपास के लोग घरों से निकल कर आये। उन्होंने जब अंदर का दृश्य देखा तो दहल गये। महिला पूजा के क्रूर कारनामे से सबका मन गुस्से से भर गया। पूजा को लगा कि लोग उसे मारने लगेंगे और पुलिस बुलाई जायेगी। इसके बाद वह भागने लगी। इस पर ग्रामीणों ने पीछा कर उसे धर दबोचा। गांव की महिलाओं ने तो उसे कई थप्पड़ रसीद कर दिये। सूचना पर थाने की पुलिस और सीओ पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्यारिन पूजा को गिरफ्तार करने के साथ हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी कब्जे में ले लिया है।