नाबालिग प्रेमिका को लेकर कोतवाली के बाहर पहुंचा प्रेमी, एक घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा
पुलिस ने लिया सूझबूझ से काम, पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर युवक को कर लिया गिरफ्तार
गांव में आसपास के ही रहनेवाले हैं प्रेमी युगल, कपड़ों पर डीजल उड़ेलकर पहुंचे थे थाने
उरई। उरई कोतवाली के सामने मंगलवार की रात 12 बजे नाबालिग किशोरी को लेकर पहुंचे युवक ने शादी की मांग को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा कर दिया। किशोरी और युवक पड़ोसी ही हैं और दोनों कोतवाली के समने बैठकर पुलिस से शादी कराने की जिद पर अड़ गये। धमकी देने के लिए दोनों पहले से ही अपने-अपने कपड़ों पर डीजल उड़ेल कर आये थे और शादी न कराने पर आग लगाकर खुदकुशी की धमकी दे रहे थे। इससे करीब एक घंटे तक अफरातफरी की स्थिति रही। बाद में पुलिस की सूझबूझ से किशोरी के पिता को बुलाया गया। पिता ने युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दी और पुलिस ने युवक को गंभीर धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार युवक मंगलवार की रात पड़ोस की 15 वर्षीया किशोरी को साथ लेकर कोतवाली के बाहर पहुंच गया। दोनों ने कपड़ों में डीजल डाल लिये थे और थाने के बाहर सड़क पर बैठ गये। यह देख लोगों की भीड़ जुटने लगी। तभी सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस बाहर आई। देखा कि युवक किशोरी से शादी कराने की मांग कर रहा है और शादी न कराने पर आग लगाकर खुदकुशी की धमकी दे रहा था। दोनों चिल्ला-चिल्लाकर शादी कराने की मांग करते रहे। करीब एक घंटे तक दोनों का हंगामा चलता रहा। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास नही किया।
तभी युवक ने कोतवाली के सामने डीजल से सने कपड़े रख कर उसमें आग भी लगा दी। कुछ देर तक यह ड्रामा चलता रहा। इस दौरान पुलिस और लोग समझ गये कि दोनों ड्रामा कर रहे हैं। पुलिस ने सूझबूझ से काम लिया। दोनों को प्रेम से बुलाया और उन्हें विश्वास में लेकर कोतवाली में ले गई। इन दोनों को लगा कि पुलिस अब शादी करा देगी। तभी पुलिस ने किशोरी से पिता का नम्बर पूछकर उन्हें थाने बुला लिया। कुछ देर बाद किशोरी के पिता पहुंचे और युवक की करतूत बताई। इसके बाद पिता की तहरीर पर पुलिस ने यौन उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर युवक को हिरासत में ले लिया। दूसरे दिन पुलिस ने युवक का चालान कर दिया।