{"vars":{"id": "125128:4947"}}

शीशम के पेड़ से संदिग्ध हालात में लटके मिले प्रेमी युगल के शव, हत्या का आरोप

रायबरेली जिले के प्रेमराजपुर पचखरा गांव की घटना से सनसनी

 

प्रेमी युवक के भाई ने मौत पर जताया संदेह, मामले की जांच की मांग 

रायबरेली। रायबरेली जिले के प्रेमराजपुर पचखरा गांव के बाहर रविवार की सुबह शिव बहादुर (25) और महिमा (21) का शव शीशम के पेड़ से संदिग्ध हालात में लटकते मिलने से सनसनी फैल गई। बताते हैं कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। शिव बहादुर का मफलर और महिमा का शव परदे के फंदे के सहारे लटक रहा था। शिव बहादुर के दोनों पैर जमीन पर थे और महिमा के पैर घुटनों के बल जमीन पर थे। इससे दोनों की मौत पर सवाल खड़ा हो गया है। इस मामले में मृतक शिव बहादुर के बड़े भाई रामबरन यादव ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। प्रेमी युगल की मौत की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा व फोरेंसिक टीम मौके पहुंची और जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हालांकि पुलिस अभी इसे खुदकुशी मानकर जांच कर रही है। अन्य पहलुओं की भी जांच की जा  रही है।

जानकारी के अनुसार मिल एरिया थाना क्षेत्र के दोहरी गांव निवासी गंगा प्रसाद का पुत्र शिव बहादुर टेंट हाऊस में काम करता था। खदरी गांव के रामसमुझ यादव की बेटी महिमा (20) कक्षा आठ तक पढ़ाई के बाद घर पर रहती थी। दोनों के पिता खेती करते हैं। रविवार की सुबह छह बजे गांव के लोग बगीचे की ओर गये तो उन्होंने शीशम के पेड़ की डाल से युवक और युवती का शव लटकते देखा। लोगों ने दोनों को पहचान लिया और परिवारवालों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शिव बहादुर के बड़े भाई का कहना है कि शिव बहादुर, महिमा के पैर जमीन पर थे। दोनों इस स्थिति में थे कि वह खुद से अपनी जान बचा सकते हैं। उन्होंने हत्या की आशंका जताई और जांच की मांग की।

पुलिस की आरम्भिक जांच में पता चला कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजन इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे और विवाह को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी। चर्चा है कि पारिवारिक विरोध के चलते दोनों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। हालांकि दोनों के शव जिस हालात में मिले हैं उससे हत्या का संदेह लाजमी है। इसलिए पुलिस इस विंदु पर भी गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण  का पता चल जायेगा। मौके से साक्ष्य जुटाये गये हैं और उसकी गहनता से जांच हो रही है। स्थिति जल्द स्पष्ट कर दी जायेगी।