लखनऊ में खूनी खेल: ICICI बैंक के बाहर पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या, पति ने खुद को भी किया शूट
रिलेशनशिप मैनेजर पत्नी दिव्या मिश्रा और बहन सीमा वाजपेयी की मौके पर मौत; हमलावर मानस की हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बेहद वीआईपी और पॉश इलाके गोमतीनगर में गुरुवार को सरेराह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ICICI बैंक शाखा के बाहर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सगी बहन को दिनदहाड़े गोलियों से भून डाला, जिससे दोनों महिलाओं की मौत हो गई। दोहरा हत्याकांड अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी हालत भी बेहद नाजुक बनी हुई है।
दिनदहाड़े हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे गोमतीनगर इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया।
बैंक के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, दो महिलाओं की मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका में से एक की पहचान दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है, जो गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक में 'रिलेशंसशिप मैनेजर' के पद पर कार्यरत थी। दिव्या आरोपी मानस की पत्नी थी। वहीं दूसरी मृतका की शिनाख्त सीमा वाजपेयी के रूप में हुई है, जो आरोपी मानस की बहन बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पारिवारिक विवाद को लेकर बैंक के ठीक बाहर तीनों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते आरोपी मानस ने पिस्टल निकालकर अपनी पत्नी दिव्या और बहन सीमा पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दोनों महिलाएं खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ीं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके तुरंत बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, इलाके में गश्त बढ़ाई गई
घटना की सूचना मिलते ही गोमतीनगर थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि गंभीर रूप से घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारी घटना के समय मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रहे हैं और बैंक व आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि वारदात के सटीक क्रम का पता लगाया जा सके। सनसनीखेज वारदात के बाद सुरक्षा के लिहाज से गोमतीनगर इलाके में पुलिस की गश्त और चौकसी बढ़ा दी गई है। घरेलू कलह और विवाद के कोण से मामले की विस्तृत पड़ताल जारी है।