{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मुजफ्फरनगर में BLO ने स्कूल परिसर में खा लिया जहरीला पदार्थ, हालत गंभीर

किनोनी में स्कूल में शिक्षामित्र हैं अनुजवीर, एसआइआर कार्य में लगी है ड्यूटी 

 

जब से मिले पत्र में तीन लोगों के नाम, पुलिस कर रही मामले की जांच

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिले के गांव किनोनी में स्कूल परिसर में तैनात बीएलओ (बूथ लेवल अफसर) अनुजवीर ने कमरा बंद कर जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना से अफरातफरी मच गई। अनुजवीर की बिगड़ती हालत को देख विद्यालय में मौजूद शिक्षकों और ग्रामीणों ने उन्हें शाहपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। अनुजवीर की जेब से उत्पीड़न का पत्र मिला है।  पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बीएलओ अनुजवीर की जेब से मिले पत्र में तीन लोगों पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है। चर्चा है कि बीएलओ शिक्षामित्र ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान प्रक्रिया से परेशान होकर विद्यालय का कक्ष बंद कर जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें मेरठ मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवारवालो को बीएलओ की जेब से एक पत्र मिला है जिसमें तीन लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र के गांव किनौनी निवासी अनुजवीर गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र हैं। इनकी ड्यूटी एसआइआर में बीएलओ के रूप में लगी है। जिन ग्रामीणों ने अपने गणना प्रपत्र में अधूरी जानकारी दी है, उन्हें नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का जवाब देने को विद्यालय में आए दिन ग्रामीण पहुंच रहे थे।

सोमवार को उन्होंने विद्यालय में जाकर कमरा अंदर से बंद कर लिया और जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसकी भनक लगते ही वहां मौजूद शिक्षकों और कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकाला और शाहपुर सीएचसी पर ले गये। सूचना पर बीएलओ का पूरा परिवार मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंच गया। चर्चा है कि अनुजवीर एसआइआर कार्य के दौरान कतिपय लोगों के दबाव से परेशान थे। पुलिस पता लगा रही है कि पत्र में जिन तीन लोगों का नाम लिखा गया है उनका इस मामले से क्या सम्बंध है।