{"vars":{"id": "125128:4947"}}

बिग ब्रेकिंग : फिरोजाबाद लूटकांड में शामिल मथुरा का दूसरा पुलिसकर्मी भी गिरफ्तार 

30 सितंबर की सुबह गुजरात की जीके कंपनी की कार से लूटे गये थे दो करोड़ रूपये

 

जीआरपी के मुख्य आरक्षी अंकुर प्रताप सिंह को एक दिन पहले गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस

फिरोजाबाद, भदैनी मिरर। फिरोजाबाद के थाना मक्खनपुर क्षेत्र में 30 सितंबर को हुई करीब 2 करोड़ की सनसनीखेज लूट में दो पुलिसकर्मी भी शामिल थे। इनमें से एक पुलिसकर्मी जीआरपी के मुख्य आरक्षी अंकुर प्रताप सिंह को पुलिस टीम ने एक दिन पहले गिरफ्तार किया था और दूसरे पुलिसकर्मी मुख्य आरक्षी मनोज को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्य आरक्षी मनोज आगरा पुलिस लाइन में तैनात था। इन दोनों पुलिसकर्मियों की लूटकांड की पूरी जानकारी थी। दोनों ने घटना के बाद मामले को मैनेज कराने का ठेका लिया था और लूट की रकम के हिस्सेदार भी थे। पुलिस ने अंकुर और मनोज के पास से 5-5 लाख रूपये बरामद किये हैं। गौरतलब है कि इस कांड में शामिल शातिर बदमाश नरेश पंडित समेत दो बदमाशों को पुलिस मुठभेंड़ में ढेर कर चुकी हैं। अन्य आरोपित गिरफ्तार किये जा चुके हैं।

आपको बता दें कि इस लूटकांड में शामिल पुलिसकर्मियों समेत आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया जा चुका हैं पुलिसकर्मियों के बारे में बताया जाता है कि घटना के बाद दोनों दिल्ली पहुंचे और वहां से लूट की रकम में से अपना हिस्सा लिया। इसके साथ ही यह भरोसा दिलाया था कि पुलिस जांच की सारी जानकारी वह उपलब्ध कराते रहेंगे। इस घटना में पुलिस अबतक एक करोड़़ से अधिक रूपये बरामद कर चुकी है। लूट की रकम से बमाशों ने आई फोन, मोटरसाइकिल भी खरीदे थे। पुलिस ने इसे जब्त कर लिया है।

हथकड़ी समेत भागा था नरेश पंडित, मुठभेड़ में मारा गया

आपको बता दें कि अलीगढ़ के खैर क्षेत्र के अरनी गांव निवासी नरेश उर्फ पंकज ने अपने छह साथियों के साथ कानपुर-आगरा हाईवे पर मक्खनपुर क्षेत्र के गांव घुनपई में 30 सितंबर की सुबह गुजरात की जीके कंपनी की कार से कैश लूटा था। इस मामले में चार अक्टूबर की शाम को नरेश और उसके पांच साथियों को पुलिस ने मक्खनपुर क्षेत्र से ही गिरफ्तार किया था। इनके पास से 1.05 करोड़ की रकम सहित अन्य सामान बरामद हुए थे।

नरेश गैंग का सरगना था। पुलिस की पूछताछ में नरेश ने बताया था कि उसने लूट की रकम अपने घर में और कुछ रकम घटनास्थल के पास छिपाया है। पुलिस ने रविवार की सुबह उसके घर से 20 लाख रुपये बरामद कर लिए। दोपहर एक बजे मक्खनपुर थाना प्रभारी चमन शर्मा और तीन पुलिसकर्मी घटनास्थल पर ले गए थे। वहां वह शौच के बहाने हथकड़ी समेत नरेश भाग निकला था। घेराबंदी के बाद हलपुरा अंडरपास के निकट बनीपुर के जंगल में छिपे नरेश को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था।