{"vars":{"id": "125128:4947"}}

सात फेरों से पहले प्रेमी संग भागी दुल्हन, गहने-नकदी भी ले उड़ी; बैरंग लौटी बारात

दूल्हा और बाराती देखते रह गए, दुल्हन ने प्रेमी संग रचाया भागने का खेल

 

लखीमपुर खीरी/वाराणसी (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक दुल्हन ने अपने ही परिवार की खुशियों पर पानी फेर दिया। खीरी थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी की रस्में पूरी होने ही वाली थीं कि दुल्हन ऐन वक्त पर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस घटना के बाद शादी वाले घर में अफरा-तफरी मच गई और दूल्हे को बिना दुल्हन के ही बारात वापस ले जानी पड़ी。

फेरों से पहले दे गई चकमा

जानकारी के अनुसार, फरधान थाना क्षेत्र से बारात धूमधाम के साथ दुल्हन के घर पहुंची थी। स्वागत और खान-पान के बाद मंडप में शादी की रस्में निभाई जा रही थीं। रात के करीब 3 बजे, जब सिर्फ सात फेरे लेना बाकी रह गया था, तभी दुल्हन गहने और नकदी समेटकर अपने प्रेमी शेषपाल के साथ रफूचक्कर हो गई। काफी देर तक जब दुल्हन का पता नहीं चला, तो खोजबीन शुरू हुई और हकीकत सामने आने पर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

दुल्हन की मां ने इस मामले में स्थानीय थाने में तहरीर दी है। मां का आरोप है कि उनकी बेटी घर में रखे कीमती जेवर और नकदी भी अपने साथ ले गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

दोनों को पुलिस ने लिया हिरासत में

खीरी थानाध्यक्ष निराला तिवारी ने बताया कि युवती की मां की शिकायत पर आरोपी प्रेमी शेषपाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रेमी और प्रेमिका (दुल्हन) दोनों को हिरासत में ले लिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।